श्याम रंगीला मंडल के वार्षिकोत्सव में सजी भजन संध्या

0
35
Bhajan evening held at the Shyam Rangila Mandal's annual festival.
Bhajan evening held at the Shyam Rangila Mandal's annual festival.

जयपुर। श्री श्याम सलोना रंगीला मंडल समिति (रजि.) का 16वां वार्षिकोत्सव बुधवार को निवारू रोड स्थित नेताजी की चक्की में धूमधाम से मनाया गया। वार्षिकोत्सव के दौरान आयोजित भजन संध्या में भजन गायिका उमा लहरी सहित अन्य कलाकारों ने बाबा खाटू श्याम के भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। भजनों और बाबा के जयकारों से कार्यक्रम स्थल का माहौल भक्तिमय हो गया।

मंडल के महिपाल यादव ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा की अखंड ज्योत प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद श्री खाटू श्याम मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष शक्ति सिंह चौहान, सालासर के जय पुजारी, हवा महल विधायक बालमुकुंद आचार्य सहित अन्य अतिथियों ने बाबा की आरती उतारकर भजन संध्या का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर बाबा का विशेष फूलों से आकर्षक दरबार सजाया गया। फूलों से सजे बाबा के मनोहारी शृंगार और दरबार को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। भक्त बाबा के दरबार को निहारते रहे और जयकारे लगाते हुए भक्ति में लीन नजर आए।

भजन संध्या में भजन गायिका उमा लहरी के साथ सुमित सैनी, कुमार गिरिराज शरण, गोपाल सेन, अमित नामा, गोविंद शर्मा, मनोज शर्मा, अजय शर्मा और महेश परमार सहित अन्य कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने ‘बाबा सुन ले प्रार्थना मेरी…’, ‘बांसुरी वाला मिल गया, मोर पंख वाला मिल गया…’, ‘मेरी बिगड़ी तो मेरा बाबा ही बनाएगा…’ और ‘बरसाने में बंगला देखा, बंगला राधे रानी का…’ सहित विभिन्न भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

भजनों की धुन पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। कार्यक्रम में जयपुर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बाबा के जयकारों और भजनों से पूरा कार्यक्रम स्थल देर तक भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here