जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल :नोबेल विजेता एस्तेर डफलो और ओल्गा तोकार्चुक समेत दिग्गज जुटेंगे

0
52

जयपुर। जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल (जेएलएफ) के 20वें संस्करण के लिए वक्ताओं की पहली सूची जारी कर दी गई है। पांच दिवसीय यह आयोजन 14 से 18 जनवरी 2027 तक होटल क्लार्क्स आमेर में होगा। दो दशक पूरे होने के मौके पर इस बार साहित्य, विज्ञान, पत्रकारिता, अर्थशास्त्र, कानून, कला और फैशन सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां एक मंच पर विचार साझा करेंगी।

पहली सूची में अर्थशास्त्र की नोबेल पुरस्कार विजेता एस्तेर डफलो और साहित्य की नोबेल पुरस्कार विजेता ओल्गा तोकार्चुक के अलावा अभिनेत्री व लेखिका मीरा स्याल, वरिष्ठ पत्रकार लाइज़ डुसेट, होमी के. भाभा, सुधा मूर्ति, पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एस.वाई. कुरैशी, वरिष्ठ अधिवक्ता इंदिरा जयसिंह, पूर्व न्यायाधीश संजय किशन कौल, किरण मजूमदार-शॉ और गीतांजलि श्री शामिल हैं।

जेएलएफ के 20वें संस्करण में भारतीय क्षेत्रीय भाषाओं की साहित्यिक परंपरा को भी प्रमुखता दी जाएगी। संस्कृत विद्वान राधावल्लभ त्रिपाठी, हिंदी कवयित्री अनामिका, असमिया लेखक ध्रुवज्योति बोरा, मराठी नाटककार मकरंद साठे, मलयालम लेखक पॉल ज़केरिया, कोंकणी लेखक दामोदर माउज़ो, कन्नड़ लेखक वसुधेंद्र और गुजराती लेखक राम मोरी सहित कई साहित्यकार अपनी रचनात्मक दृष्टि साझा करेंगे।

टीमवर्क आर्ट्स के प्रबंध निदेशक संजय के. रॉय ने कहा कि 20 वर्ष बाद भी जेएलएफ की मूल भावना विचारों के आदान-प्रदान और युवाओं के लिए खुले मंच की है। संस्थापक व सह-निदेशक नमिता गोखले ने कहा कि जयपुर से शुरू हुआ यह आयोजन आज वैश्विक साहित्यिक मंच बन चुका है। सह-निदेशक विलियम डेलरिम्पल ने 20वें संस्करण को जेएलएफ की रचनात्मक यात्रा का उत्सव बताते हुए इसे नए अध्याय की शुरुआत बताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here