कैशियर एजेंटों को लूटने से पहले पुलिस के हत्थे चढ़ा वाहन चोर

0
44
Vehicle thief nabbed by police before he could rob cashier agents.
Vehicle thief nabbed by police before he could rob cashier agents.

जयपुर। झोटवाड़ा थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोरी और अवैध हथियार तस्करी के आरोपी मोहम्मद शकील (24) को गिरफ्तार किया है। जो उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में कश्मीरी गेट स्थित नूरी मस्जिद के पास गली नंबर तीन का निवासी है।

पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की होंडा सिटी कार, एक लोडेड देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी जयपुर और दिल्ली में कैशियर एजेंटों को लूटने की योजना बना रहा था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले भी मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ जयपुर, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में दिन के समय चौपहिया वाहनों की रैकी करता था। रात में मास्टर चाबी से लॉक खोलकर वाहन चोरी किए जाते थे। वारदात के दौरान विरोध होने पर डराने के लिए आरोपी अवैध हथियार रखते थे।

चोरी की गाड़ियों को फिरोजाबाद और मैनपुरी में कबाड़ियों को कम कीमत पर बेच दिया जाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वाहन चोरी के साथ अवैध हथियारों की बिक्री में भी संलिप्त है। पूछताछ में आरोपी ने जयपुर और दिल्ली में अपने साथियों के साथ कैशियर एजेंटों को लूटने की फिराक में घूमने की बात बताई है। आरोपी ने करीब आधा दर्जन वाहन चोरी की वारदातें स्वीकार की हैं।

पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ में फिरोजाबाद के रसूलपुर, शिकोहाबाद थाने , रामगढ़ तथा जयपुर के मुरलीपुरा और झोटवाड़ा थाने में मामले दर्ज है। इस मामले में कार्रवाई करने वाली टीम में झोटवाड़ा थानाधिकारी रायसल सिंह, सहायक उपनिरीक्षक सुनील चौहान व राम सिंह, हेड कांस्टेबल बलराम व मालीराम, कांस्टेबल दयाराम, नरेंद्र सिंह, इंद्राज व गजानंद तथा तकनीकी शाखा के हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार और कांस्टेबल श्रीराम शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, बलराम, मालीराम, दिनेश कुमार और दयाराम की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here