टूरिस्ट सीजन में चारदीवारी और आमेर में बदलेगी यातायात व्यवस्था

0
43

जयपुर। टूरिस्ट सीजन में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जयपुर यातायात पुलिस ने चारदीवारी और आमेर क्षेत्र के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। 10 और 11 अक्टूबर को शहर के प्रमुख मार्गों, पर्यटन स्थलों और धार्मिक स्थलों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों के लिए डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की है। चारदीवारी क्षेत्र में 10 अक्टूबर 2026 से 11 जनवरी 2027 तक यातायात दबाव के अनुसार आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।

रामनिवास बाग में खड़ी होंगी बड़ी टूरिस्ट बसें

डीसीपी ट्रैफिक प्रवीण एन. नुनावथ के अनुसार पर्यटकों की बड़ी बसों के लिए रामनिवास बाग में सेटेलाइट पार्किंग की व्यवस्था की गई है। चारदीवारी क्षेत्र में भारी और मालवाहक वाहनों का प्रवेश रात 11 बजे से सुबह 7 बजे तक ही रहेगा। जरूरत के अनुसार सिटी और मिनी बसों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा। यातायात पुलिस ने व्यापारियों से अपने वाहन जेडीए की भूमिगत रामनिवास बाग पार्किंग, चौगान स्टेडियम और आतिश मार्केट की पार्किंग में खड़े करने की अपील की है।

चारदीवारी में इन मार्गों पर रहेगा बदलाव

चारदीवारी क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने पर आवश्यकतानुसार मार्ग बदले जाएंगे। बड़ी चौपड़ से सुभाष चौक की ओर दोनों तरफ से सामान्य यातायात चलता रहेगा, जबकि सुभाष चौक से बड़ी चौपड़ की तरफ आने वाले वाहनों को सुभाष चौक से डायवर्ट कर चार दरवाजा और घोड़ा निकास रोड होते हुए रामगंज चौपड़ की तरफ भेजा जाएगा।

वाहन बांदरवाल गेट से प्रवेश कर नगर परिषद की मोरी, शार्दुल सिंह की नाल और गणगौरी बाजार की तरफ जा सकेंगे। वहीं, गणगौरी बाजार से शार्दुल सिंह की नाल होते हुए सिटी पैलेस की तरफ जाने वाले मार्ग पर यातायात बंद रहेगा।

आमेर जाने और लौटने के लिए तय किए वैकल्पिक मार्ग

दिल्ली रोड से आमेर फोर्ट जाने वाले पर्यटक वाहन आमेर तिराहा, धोबीघाट चौराहा, रामगढ़ मोड़ और आमेर रोड होकर जा सकेंगे। रामगढ़ मोड़ से आमेर की ओर यातायात लगातार चालू रहेगा। जयगढ़ टी-पॉइंट से रामगढ़ मोड़ की तरफ यातायात बंद रहेगा और वाहनों को आमेर की ओर भेजा जाएगा।

आमेर से रामगढ़ मोड़ की तरफ तथा आमेर तिराहा से आमेर गांधी चौक की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। आमेर से जयपुर शहर लौटने वाले वाहन आमेर तिराहा, दिल्ली रोड, गलता गेट चौराहा और ट्रांसपोर्ट नगर चौराहा होकर शहर में प्रवेश कर सकेंगे।

पर्यटकों के लिए अस्थायी पार्किंग

पर्यटकों की सुविधा के लिए पुरातत्व विभाग की ओर से निर्मित परियों का बाग पार्किंग का अस्थायी संचालन किया जाएगा। यातायात पुलिस ने पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों के अनुसार ही आवागमन करें, ताकि पर्यटन स्थलों और चारदीवारी क्षेत्र में जाम की स्थिति से बचा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here