जयपुर। राजधानी में यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस 15 अक्टूबर से विशेष अभियान शुरू करेगी। इसके तहत बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले और लंबित ई-चालानों का निस्तारण नहीं कराने वाले वाहन चालकों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। ऐसे मामलों में नियमानुसार वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि अभियान के लिए यातायात पुलिस की विशेष टीमें गठित की जा रही हैं। ये टीमें शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर ऐसे वाहन चालकों की निगरानी करेंगी, जो बार-बार यातायात नियम तोड़ते हैं या ई-चालान लंबित होने के बावजूद उनका निस्तारण नहीं कराते। नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त किया जाएगा।
समय पर निस्तारित कराएं लंबित चालान
यातायात पुलिस ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे लंबित चालानों की अनदेखी नहीं करें और समय रहते उनका निस्तारण कराएं, ताकि कानूनी कार्रवाई और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
ऑनलाइन ऐसे जांचें चालान की स्थिति
वाहन स्वामी आधिकारिक नेक्स्ट जेन ई-चालान पोर्टल पर अपने वाहन के लंबित चालानों की जानकारी देख सकते हैं। वहीं, जिन चालानों को वर्चुअल कोर्ट भेजा जा चुका है, उनका निस्तारण यातायात पुलिस के स्तर पर नहीं हो सकेगा। ऐसे मामलों की वर्तमान स्थिति वर्चुअल कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर देखी जा सकती है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों की पालना करने और लंबित चालानों का समय पर निस्तारण कराने की अपील की है।



















