जयपुर। आदर्श नगर थाना पुलिस ने राजापार्क स्थित जूस की दुकान में घुसकर संचालक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में तीन महीने से फरार चल रहे आरोपी को जैसलमेर के पोकरण से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल दुर्घटनाग्रस्त वाहन भी जब्त कर लिया है। आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों की भूमिका के संबंध में अनुसंधान किया जा रहा है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजिता शर्मा ने बताया कि जवाहर नगर निवासी वैभव सैनानी (26) ने 20 जुलाई 2026 को आदर्श नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि राजापार्क स्थित उसकी ‘अचानक जूस’ की दुकान पर 20 जुलाई की रात करीब तीन बजे महिपाल अपने एक साथी के साथ आया। आरोप है कि दोनों ने परिवादी पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए और जान से मारने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और विशेष टीम गठित की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दुर्घटनाग्रस्त वाहन जब्त किया। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर छिप रहा था। इसी बीच उसके पोकरण में होने की सूचना मिली।
इस पर पुलिस टीम वहां पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से घेराबंदी कर महिपाल सिंह (27) निवासी पोकरण जिला जैसलमेर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और वारदात से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है।



















