एसआई भर्ती घोटाला: बेटे को लीक पेपर से बनाया एसआई, जीजा के लिए 10 लाख में बैठाया डमी

0
37

जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा-2021 में पेपर लीक और डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा पास कराने के मामले में स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें अपने बेटे को परीक्षा से पहले लीक प्रश्नोत्तर पढ़वाकर एसआई बनवाने का आरोपी 10 हजार रुपए का इनामी पिता और अपने जीजा को भर्ती कराने के लिए डमी अभ्यर्थी बैठाने वाला आरोपी शामिल है। एसओजी के अनुसार, इस प्रकरण में अब तक 154 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में हरमाड़ा, जयपुर निवासी देवेन्द्र कुमार सैनी (51) और बालोतरा जिले के डांगरिया निवासी डूंगर प्रकाश (33) शामिल हैं। दोनों मामलों में जांच के दौरान परीक्षा में गड़बड़ी और चयन के लिए अपनाए गए कथित तरीकों का खुलासा हुआ है।

लीक प्रश्नोत्तर पढ़ाकर बेटे का कराया चयन

एसओजी की जांच में सामने आया कि देवेन्द्र कुमार सैनी ने पूर्व में गिरफ्तार राजकुमार यादव के माध्यम से आरपीएससी के पूर्व सदस्य बाबूलाल कटारा द्वारा लीक किए गए प्रश्नपत्र और उनके उत्तर अपने बेटे रविन्द्र सैनी को परीक्षा से पहले पढ़वाए थे। आरोप है कि लीक प्रश्नोत्तर की मदद से रविन्द्र ने लिखित परीक्षा पास की और एसआई पद पर अंतिम चयन हासिल कर लिया।

देवेन्द्र लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। उसके बेटे रविन्द्र पर भी 10 हजार रुपए का इनाम है, जो अभी फरार है। जांच में यह भी सामने आया कि देवेन्द्र ने राजकुमार यादव के माध्यम से एक अन्य व्यक्ति के बेटे भरत यादव को भी लीक प्रश्नोत्तर पढ़ने में मदद की थी, लेकिन भरत का अंतिम चयन नहीं हो सका।

देवेन्द्र ने जयपुर महानगर-द्वितीय के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इसके बाद न्यायालय ने उसे पुलिस अभिरक्षा में भेज दिया। एसओजी उससे पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

10 लाख रुपए में डमी बैठाकर जीजा को दिलाई 154वीं रैंक

दूसरे मामले में एसओजी ने बालोतरा जिले के डांगरिया निवासी डूंगर प्रकाश को गिरफ्तार किया है। जांच के अनुसार, उसने अपने बहनोई अशोक कुमार विश्नोई निवासी मोखातरा, जालोर को एसआई बनवाने के लिए डमी अभ्यर्थी बैठाने का इंतजाम किया था। आरोप है कि 15 सितंबर 2021 को आयोजित भर्ती परीक्षा की दोनों पारियों में अशोक की जगह जालोर जिले के इसरोल निवासी कमलेश कुमार को बैठाया गया। इसके लिए 10 लाख रुपए में सौदा तय किया गया था।

डमी अभ्यर्थी के जरिए परीक्षा दिलाने के बाद अशोक कुमार ने हिंदी विषय में 200 में से 180.94 अंक और सामान्य ज्ञान में 200 में से 138.36 अंक हासिल किए। इसके आधार पर उसे मेरिट में 154वीं रैंक मिली और उसका एसआई पद पर चयन हो गया। एसओजी अशोक कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब डमी अभ्यर्थी बैठाने के मामले में डूंगर प्रकाश को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

डूंगर प्रकाश को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 17 अक्टूबर 2026 तक पुलिस अभिरक्षा में भेज दिया गया। एसओजी उससे पूछताछ कर साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अनुसंधान

एसओजी के अनुसार, एसआई भर्ती परीक्षा-2021 में पेपर लीक और डमी अभ्यर्थियों के जरिए चयन कराने से जुड़े मामलों की जांच जारी है।

एसओजी का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर भर्ती परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं, लीक प्रश्न पत्र के प्रसार और डमी अभ्यर्थियों की व्यवस्था में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में अब तक कुल 154 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here