16 साल से फरार मल्टीट्रेड कंपनी के दो स्थाई वारंटी गिरफ्तार

0
46

जयपुर। मानसरोवर थाना पुलिस ने दीपावली के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ठगी के मामले में 16 साल से फरार चल रहे दो स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर मल्टीट्रेड कंपनी के जरिए लोगों को चैन सिस्टम का लालच देकर ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने सुनील भास्कर और नासिर अली खान को गिरफ्तार कर न्यायालय से रिमांड प्राप्त किया है।

पुलिस के अनुसार परिवादी रमा शंकर ने 1 अप्रैल 2010 को मानसरोवर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ‘मैसर्स श्योर फ्यूचर मल्टीट्रेड प्रा. लि.’ के निदेशकों और कर्मचारियों ने मल्टीट्रेडिंग में चैन सिस्टम के जरिए आकर्षक लाभ का झांसा देकर लोगों से धोखाधड़ी की। परिवादी के 4 लाख 66 हजार 500 रुपए हड़पने का आरोप लगाया गया। इस संबंध में धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने मामले में एक आरोपी इमरखान खान को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि कंपनी के निदेशक सुनील भास्कर, नासिर अली खान और विजय सिंह फरार चल रहे थे। इनके खिलाफ अदालत से दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 299 के तहत स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी हुए थे।

पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश के लिए तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद ली। जांच में पता चला कि सुनील भास्कर हैदराबाद में रह रहा था और उसने वहां के पते पर आधार कार्ड भी बनवा लिया था। 13 अक्टूबर को उसके जयपुर के झोटवाड़ा क्षेत्र में आने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

उसकी सूचना के आधार पर दूसरे आरोपी नासिर अली खान को भी जयपुर से पकड़ लिया गया। गिरफ्तार सुनील भास्कर (49) झुंझुनूं जिले की सिंघाना तहसील के गाढ़ा खेड़ा गांव का निवासी है, जबकि नासिर अली खान (45) झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ क्षेत्र के किडवाना गांव का निवासी है।

पुलिस के मुताबिक, सुनील भास्कर के खिलाफ विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, मारपीट, बलवा, हत्या के प्रयास और चोरी सहित करीब 11 मामले दर्ज हैं। वहीं, नासिर अली खान के खिलाफ दुर्घटना, एससी-एसटी अधिनियम और धोखाधड़ी से जुड़े चार मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here