जयपुर। जयपुर को आईटी हब बनाने और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए सांसद मंजू शर्मा ने उन्हें सरकारी विभागों की परियोजनाओं से जोड़ने की पहल की है। बुधवार को भामाशाह टेक्नोहब में 100 से अधिक महिला स्टार्टअप उद्यमियों और मार्गदर्शकों के साथ संवाद के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सरकारी संस्थानों में स्टार्टअप्स के लिए काम के अवसर तलाशने के निर्देश दिए।
महिला उद्यमियों ने नगर निगम, बाल अधिकारिता, कृषि और चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों में अपने उत्पादों, तकनीक और सेवाओं के माध्यम से योगदान देने की संभावनाएं बताईं। उन्होंने सभी विभागों की योजनाओं, परियोजनाओं, पात्रता शर्तों और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए एकीकृत ऑनलाइन पोर्टल बनाने का सुझाव दिया। इस पर सांसद ने सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को पत्र भेजा।
सांसद ने महापौर सुनील कोठारी से भी नगर निगम के कार्यों में स्टार्टअप्स की सेवाएं लेने की संभावनाएं तलाशने पर चर्चा की। कोठारी ने सहयोग का आश्वासन दिया। महिला उद्यमियों ने छोटे स्टार्टअप्स को 25 लाख रुपए तक के कार्य बिना निविदा आवंटित करने की मांग भी रखी, ताकि उन्हें सरकारी परियोजनाओं में अवसर मिल सकें।
संवाद में स्टार्टअप्स के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं, मार्गदर्शन, संस्थागत सहयोग और बाजार तक पहुंच मजबूत करने पर जोर दिया गया। साथ ही, जयपुर के नवाचारी स्टार्टअप्स को स्मार्ट सिटी परियोजना में अवसर देने के लिए उनके प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट प्रस्तुत करने और उसे शुरू करने का अवसर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।

















