प्रताप नगर में 1125 किलो संदिग्ध सरसों तेल सीज

0
33

जयपुर। ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रताप नगर स्थित मैसर्स संतोष सेल्स कॉर्पोरेशन पर कार्रवाई कर 1125 किलो संदिग्ध सरसों तेल सीज किया। तेल के रंग और सुगंध में प्रथम दृष्टया मिलावट का अंदेशा होने पर नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने तक 75 टिन तेल सीज रहेंगे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य सचिव गायत्री राठौड़ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान फर्म पर दीप सारा ब्रांड सरसों तेल के पैक्ड टिन खुलवाकर जांच की गई। तेल के रंग और सुगंध में मिलावट की आशंका होने पर नमूने लिए गए और करीब 1125 किलो तेल सीज कर दिया गया।

विभाग के अनुसार दीप सारा ब्रांड सरसों तेल का निर्माण दिल्ली बाईपास स्थित लक्ष्मी नारायणपुरा की मैसर्स गोयल ऑयल उद्योग में किया गया था। विभाग का कहना है कि इस फर्म के सरसों तेल के नमूने पूर्व में भी जांच रिपोर्ट में असुरक्षित पाए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा टीम ने अभियान के तहत मैसर्स महेश ट्रेडिंग कंपनी से घी और सरसों तेल, बस्सी स्थित मैसर्स छीतर मल पदमचंद जैन से लाल मिर्च पाउडर, मैसर्स रामचरण रामगोपाल से चाय, कानोता के कट्टा जनरल स्टोर से सरसों तेल और प्रहलादपुरा स्थित मैसर्स अरावली हनी इंडस्ट्रीज से शहद के नमूने लिए। विभाग के अनुसार सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here