जयपुर। छोटी चौपड़ स्थित श्री सीतारामजी मंदिर में रविवार को समाज श्री सीतारामजी समिति की ओर से शरद पूर्णिमा महोत्सव मनाया जाएगा। शाम 6:30 बजे से शुरू होने वाले आयोजन में राधा-कृष्ण को सफेद पोशाक पहनाकर सफेद सिंहासन पर विराजमान किया जाएगा। मंदिर परिसर राधा-कृष्ण की रासलीला से जुड़े भजनों से गूंजेगा।
समिति के मंत्री रामबाबू झालानी ने बताया कि शाम 7 बजे औषधियुक्त खीर को चंद्रमा की रोशनी में रखा जाएगा। इसके बाद ठाकुरजी को भोग लगाकर रात 10 बजे श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की जाएगी। जयपुर के वैद्य रमेश चंद्र शर्मा द्वारा तैयार खीर में दमे से संबंधित औषधियां मिलाई जाएंगी।
मंदिर के महंत नंद किशोर शर्मा ठाकुरजी को नवीन सफेद पोशाक धारण करवाकर फूलों से शृंगार करेंगे। राधा-कृष्ण को सफेद सिंहासन पर विराजमान कर भजनों के माध्यम से रिझाया जाएगा। आयोजन के दौरान मंदिर में देर रात तक भक्ति और श्रद्धा का माहौल रहेगा।

















