यूएसडीटी ट्रेडिंग के विवाद में युवक का अपहरण व 7 लाख की फिरौती मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

0
53

जयपुर। यूएसडीटी ट्रेडिंग के पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में युवक का अपहरण कर बंधक बनाने और परिजनों से 7 लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले में प्रताप नगर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को हरियाणा के भिवानी से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीड़ित युवक को मुक्त करवाकर वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि महाराष्ट्र के नासिक निवासी नील किशोर घेटिया बीसीए की पढ़ाई कर रहा है और अतिरिक्त आय के लिए कभी-कभी यूएसडीटी ट्रेडिंग करता था। टेलीग्राम के जरिए उसकी पहचान जयपुर निवासी रजत से हुई, जो यूएसडीटी पैनल चलाता है। रजत के बुलाने पर वह 5 अक्टूबर 2026 को जयपुर आया और रेलवे स्टेशन के पास उसके दोस्त के फ्लैट पर पहुंचा। वहां नवीन को भी बुलाया गया।

आरोप है कि नवीन ने यूएसडीटी खरीदने के लिए 7 लाख रुपए दिए। परिवादी ने यह रकम गोधरा निवासी अपने परिचित एसके को हस्तांतरित करने के लिए दी, लेकिन यूएसडीटी का हस्तांतरण नहीं हो पाया। पैसे वापस नहीं मिलने पर आरोपियों ने उसे फ्लैट में बंधक बनाकर मारपीट की।

आरोप है कि 15 अक्टूबर की रात नवीन और भागीरथ उर्फ मंगल युवक को काले रंग की स्कॉर्पियो में डालकर हरियाणा के भिवानी जिले के तौशाम थाना क्षेत्र स्थित गांव ईसरवाल ले गए। वहां मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में उसके साथ फिर मारपीट की गई।

इसके बाद उसके पिता के व्हाट्सएप नंबर पर कॉल कर 7 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। 18 अक्टूबर को आरोपी उसे स्कॉर्पियो में बैठाकर किसी अन्य स्थान पर ले जा रहे थे। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की।

प्रताप नगर थाना पुलिस ने तकनीकी सहायता और सीसीटीवी कैमरों के आधार पर आरोपियों की तलाश की। टीम ने हरियाणा के भिवानी जिले में तौशाम थाना क्षेत्र के गांव ईसरवाल से दोनों को गिरफ्तार कर लिया और पीड़ित को मुक्त करवाया। वारदात में प्रयुक्त नवीन की स्कॉर्पियो जब्त कर ली गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में नवीन (24), पुत्र स्व. संजय नायक और भागीरथ उर्फ मंगल (28), पुत्र स्व. राजकुमार नायक शामिल हैं। दोनों गांव ईसरवाल, थाना तौशाम, जिला भिवानी, हरियाणा के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार नवीन के खिलाफ वर्ष 2021 में तौशाम थाने में मारपीट, बलवा और जान से मारने की धमकी से संबंधित दो मामले दर्ज हैं। वहीं, भागीरथ उर्फ मंगल के खिलाफ वर्ष 2020 में तौशाम थाने में मामला दर्ज हुआ था। उसके खिलाफ हाल ही में चूरू जिले के राजगढ़ थाने में सरकारी कार्य में बाधा और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान से संबंधित मामले भी दर्ज हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here