बगरू में भीषण सड़क हादसा: तीन श्रद्धालुओं की मौत

0
48

जयपुर। बगरू थाना क्षेत्र में जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात करीब 1:50 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। महाराष्ट्र के नासिक से धार्मिक यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से भरी ट्रैवलर बगरू पुलिया से नीचे उतरते समय अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 18 यात्री घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाले घायल

बगरू थानाधिकारी चंद्रभान के अनुसार, ट्रैवलर में कुल 28 श्रद्धालु सवार थे और सभी महाराष्ट्र के नासिक के रहने वाले हैं। हादसे की सूचना पर हेड कांस्टेबल लालाराम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त ट्रैवलर में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में से दो के एक-एक हाथ कटकर अलग हो गए थे। हादसे के बाद राजमार्ग पर कुछ देर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू करवाया।

चालक पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप

घायल यात्री प्रवीण ने बताया कि वे रात करीब साढ़े 10 बजे जयपुर से रवाना हुए थे। यात्रियों ने चालक को रात में गाड़ी चलाने से मना भी किया था, लेकिन वह नहीं माना। यात्रियों का आरोप है कि चालक ने शराब पी रखी थी। तेज गति और कथित नशे के कारण बगरू पुलिया से उतरते समय वाहन पर उसका नियंत्रण नहीं रहा और ट्रैवलर ट्रेलर में जा घुसी।

सात दिन की धार्मिक यात्रा पर निकले थे श्रद्धालु

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सभी श्रद्धालु सात दिन की धार्मिक यात्रा पर महाराष्ट्र के नासिक से निकले थे। राजस्थान में उन्होंने पुष्कर, कैला माता, मेहंदीपुर बालाजी और खाटूश्यामजी के दर्शन किए थे। इसके बाद जयपुर घूमकर वे सांवलिया सेठ के दर्शन के लिए जा रहे थे। रविवार को उन्हें वापस नासिक लौटना था, लेकिन हादसे ने उनकी यात्रा को मातम में बदल दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here