जयपुर। श्री पंचदशनाम आवाहन अखाड़े की साध्वी कल्याणी गिरी ने राजस्थान में प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को लेकर एक लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के संरक्षण के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है और पौधारोपण करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है।
साध्वी कल्याणी गिरी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए रविवार सुबह 8 से 9 बजे के बीच तेजाजी मंदिर से सिटी पार्क तक करीब दो किलोमीटर का पैदल मार्च निकाला जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आगामी 11 से 13 नवंबर तक जैसलमेर में तीन दिवसीय यात्रा आयोजित की जाएगी। इस दौरान 38 किलोमीटर की यात्रा के मार्ग में 1,000 पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है। साध्वी ने कहा कि प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी मानव जीवन भी सुरक्षित रह सकेगा।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से पौधारोपण अभियान में भागीदारी निभाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

















