श्री खोले के हनुमान जी मंदिर में नौ दिवसीय श्रीराम कथा का हुआ विश्राम

0
50

जयपुर। जयपुर गुलाबी नगरी जयपुर के प्रसिद्ध श्री खोले के हनुमान जी मंदिर परिसर में आयोजित श्रीराम कथा का बुधवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ विश्राम हुआ। कथा के विराम दिवस पर संत मुरलीधर महाराज ने श्रीरामचरितमानस के विभिन्न आध्यात्मिक एवं ज्ञानवर्धक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। महाराज श्री ने भगवान श्रीराम के आदर्शों, भक्तों के प्रति उनके प्रेम और प्रभु की असीम कृपा का महत्व सरल शब्दों में समझाया।

कथा के दौरान संत मुरलीधर महाराज ने काकभुशुण्डि जी के पूर्व जन्म, उनकी आध्यात्मिक यात्रा तथा भगवान श्रीराम की महिमा के प्रसंग सुनाए। उन्होंने बताया कि काकभुशुण्डि जी का चरित्र हमें अहंकार का त्याग कर विनम्रता, श्रद्धा और अटूट भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। काकभुशुण्डि जी द्वारा गरुड़जी को श्रीरामकथा सुनाने का प्रसंग भगवान की अनंत महिमा और सत्संग की शक्ति को दर्शाता है।

महाराज ने अयोध्या की रमणीयता, सनकादिक ऋषियों के आगमन एवं संवाद, हनुमानजी द्वारा भरतजी के प्रश्न तथा भगवान श्रीराम के उपदेशों का वर्णन किया। श्रीरामगीता के माध्यम से उन्होंने धर्म, कर्तव्य, सदाचार और मर्यादा के महत्व को समझाया। साथ ही अयोध्यावासियों के प्रति भगवान श्रीराम की कृतज्ञता और प्रजा के कल्याण के प्रति उनके समर्पण को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया।

कथा में शिव-पार्वती संवाद, गरुड़ मोह, नारदजी के आगमन तथा श्रीराम-वशिष्ठ संवाद जैसे प्रसंगों के माध्यम से ज्ञान, वैराग्य और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया गया। भगवान श्रीराम का अपने भाइयों के साथ अमराई में जाना और भक्तों एवं संतों के प्रति उनका स्नेह भी कथा का प्रमुख आकर्षण रहा। महाराज श्री ने कहा कि भगवान के आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर ही मनुष्य अपने जीवन को सार्थक बना सकता है।

श्रीराम कथा के विराम दिवस पर श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भगवान श्रीराम के दिव्य चरित्र का श्रवण किया। कथा के माध्यम से संत मुरलीधर महाराज ने जीवन में विनम्रता, सेवा, सदाचार, मर्यादा और प्रभु के प्रति अटूट समर्पण अपनाने का संदेश दिया। श्रीरामचरितमानस के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को प्रेरित किया कि वे भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने आचरण में उतारकर परिवार, समाज और जीवन में प्रेम, सद्भाव एवं धर्म की भावना को मजबूत करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here