दस साल से लापता अजय कुमार दमन में मिले: तलाश पर था 10 हजार रुपए का इनाम

0
37

जयपुर। शिवदासपुरा थाना क्षेत्र से 10 साल से अधिक समय पहले लापता हुए अजय कुमार धानका को जयपुर दक्षिण पुलिस, एएचटीयू और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने केंद्र शासित प्रदेश दमन से सकुशल दस्तयाब कर लिया। उनकी तलाश पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। दर्ज रिपोर्ट के अनुसार अजय कुमार धानका 25 अप्रैल 2016 को दोपहर करीब एक बजे दुकान जाने की कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।

परिजनों की रिपोर्ट पर गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की गई थी। लंबे समय तक उनका पता नहीं चलने पर 15 दिसंबर 2025 को डीसीपी कार्यालय की ओर से उनकी तलाश पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। इसमें शिवदासपुरा थानाधिकारी राजेश गौतम, एएचटीयू के पुलिस निरीक्षक नवरत्न धोलिया, उपनिरीक्षक अल्का गोदारा तथा साइबर सेल के हेड कांस्टेबल रामसिंह और लोकेश शामिल थे।

तकनीकी अनुसंधान के दौरान हेड कांस्टेबल रामसिंह को अजय कुमार के दमन में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दमन के कचीगाम क्षेत्र में दबिश देकर उन्हें सकुशल दस्तयाब कर लिया। पुलिस के अनुसार दस साल से अधिक समय से लापता युवक की तलाश में यह संयुक्त कार्रवाई महत्वपूर्ण रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here