जयपुर। जामडोली थाना क्षेत्र के राधा गोविंद विहार में ज्वेलर भाइयों पर फायरिंग और लाठी-सरियों से हमला करने के मामले में लोगों का आक्रोश बरकरार है। वारदात के दौरान बीच-बचाव करने आई महिला के पैर में भी गोली लग गई थी। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों, पीड़ित परिवारों और स्वर्णकार समाज में रोष है। वहीं, पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।
घटना के बाद परिजनों और स्वर्णकार समाज के लोगों ने जामडोली थाने का घेराव किया। इस दौरान एडिशनल डीसीपी ईस्ट पारस जैन को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई। समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि सभी हमलावरों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
पुलिस ने वारदात के बाद शहर में नाकाबंदी कराई। पुलिस कमिश्नरेट की कई टीमों को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और संभावित ठिकानों पर दबिश देने के लिए लगाया गया है। पुलिस फॉरेंसिक साक्ष्य और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भी जांच कर रही है। साथ ही संदिग्धों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
हमले में घायल ज्वेलर भाई सोनू सोनी और निशु सोनी तथा बीच-बचाव के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हुईं सीमा गुप्ता का एसएमएस अस्पताल में उपचार जारी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। घटना से इलाके के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में भय का माहौल है।
वारदात को लेकर एक अहम सवाल यह भी उठ रहा है कि घटनास्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर पुलिस वैन मौजूद होने के बावजूद हमलावर वारदात को अंजाम देकर कैसे फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी और वारदात के खुलासे का इंतजार है।

















