जयपुर क्रिटिकॉन में गंभीर मरीजों के बेहतर उपचार पर होगा मंथन

0
43

जयपुर। इंडियन सोसाइटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन (आईएससीसीएम) जयपुर की ओर से 31 अक्टूबर को जयपुर क्रिटिकॉन 2026 का आयोजन राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी), झालाना में किया जाएगा। ‘सेप्सिस स्टूवर्डशिप’ विषय पर आधारित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के प्रमुख विशेषज्ञ और राजस्थान के प्रतिष्ठित चिकित्सक गंभीर मरीजों के उपचार, आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों और गहन चिकित्सा से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा करेंगे। सम्मेलन में 40 से अधिक व्याख्यान होंगे।

आयोजन अध्यक्ष डॉ. मोहित के. रॉय, आयोजन सचिव डॉ. निखिल अजमेरा और कोषाध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर गौड़ ने बताया कि सम्मेलन में कोलकाता से डॉ. सुभाष के. टोडी, नई दिल्ली से डॉ. राजेश पांडे, डॉ. अनिर्बान होम चौधरी और डॉ. कपिल देव सोनी तथा गुरुग्राम से डॉ. नेहा गुप्ता सहित राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ शामिल होंगे।

इस सम्मेलन के वैज्ञानिक सत्रों में सेप्सिस और सेप्टिक शॉक की समय पर पहचान, उचित उपचार, एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग और गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में मरीजों की निगरानी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श होगा। विशेषज्ञ व्याख्यानों, मरीजों से जुड़े मामलों पर चर्चा और वैज्ञानिक प्रस्तुतियों के जरिए चिकित्सकों को नवीन जानकारियां दी जाएंगी।

सम्मेलन में युवा चिकित्सकों और प्रशिक्षणरत विशेषज्ञों के लिए शोधपत्र एवं ई-पोस्टर प्रस्तुतियों के साथ प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की जाएगी। आयोजन का उद्देश्य चिकित्सकों के बीच ज्ञान और अनुभव का आदान-प्रदान बढ़ाना तथा गंभीर मरीजों के बेहतर प्रबंधन के लिए आधुनिक उपचार पद्धतियों पर सार्थक संवाद करना है। इससे क्रिटिकल केयर सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और मरीजों की बेहतर देखभाल की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here