जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के प्रवर्तन दस्ते ने गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण और अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की। ग्राम झर (बस्सी) में सरकारी आम रास्ते, वर्धमान सरोवर स्थित जेडीए पार्क की भूमि और निवारू रोड पर सड़क सीमा से अतिक्रमण हटाया गया। वहीं, खो नागोरियान स्थित जमन विहार में तीन भूखंडों पर बने अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए, जबकि श्योपुर की सावित्री विहार योजना में व्यावसायिक उपयोग के लिए बनाए जा रहे अवैध हॉस्टल को सील कर दिया गया।
जेडीए के पुलिस उपमहानिरीक्षक आनंद शर्मा ने बताया कि जोन-25 के अंतर्गत ग्राम झर, तहसील बस्सी में खसरा संख्या 1022 स्थित सरकारी आम रास्ते पर शौचालय, स्नानघर, चारदीवारी और तारबंदी कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया था। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। प्रवर्तन दस्ते ने जेसीबी और मजदूरों की सहायता से अतिक्रमण हटाकर रास्ता खुलवाया।
जोन-8 के अंतर्गत वर्धमान सरोवर में जेडीए पार्क की सरकारी भूमि पर करीब 350 फीट लंबी चारदीवारी बनाकर किए गए अतिक्रमण को भी ध्वस्त कर दिया गया। वहीं, जोन-12 में निवारू रोड स्थित अशोक नगर-द्वितीय में भूखंड संख्या 101 के सामने सड़क सीमा पर बने चबूतरे और चारदीवारी को हटाकर सड़क क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
जोन-10 के अंतर्गत खो नागोरियान में जेएनयू के पास स्थित गैर अनुमोदित योजना जमन विहार में तीन भूखंडों पर टीनशेडनुमा कोठरियां बनाई गई थीं। जेडीए के दस्ते ने इन अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
जोन-9 के अंतर्गत श्योपुर की गैर अनुमोदित योजना सावित्री विहार के भूखंड संख्या 118 पर व्यावसायिक उपयोग के लिए भूतल और दूसरी मंजिल तक हॉस्टल का निर्माण किया जा रहा था। जेडीए ने निर्माणकर्ता को धारा 32 और 33 के तहत नोटिस देकर अवैध निर्माण हटाने के लिए पाबंद किया था।
निर्माण नहीं हटाए जाने पर सक्षम स्तर से स्वीकृति लेकर 29 अक्टूबर को धारा 34(क) के तहत कार्रवाई की गई और हॉस्टल के प्रवेश द्वारों पर ताला लगाकर सील कर दिया गया। सीलिंग पर हुए खर्च की नियमानुसार वसूली की जाएगी।

















