गैस सिलेंडर चुराने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार

0
54

जयपुर। वैशाली नगर थाना पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के 11 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए हैं। आरोपी आवासीय कॉलोनियों में घूम कर घरों के बाहर रखे सिलेंडर चोरी करता और उन्हें दुकानदारों व थड़ी-ठेलों पर कम कीमत में बेच देता था। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि वैशाली नगर थाना पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी करने वाले बदमाश शुभम गुर्जर उर्फ बाबू (30) निवासी गणेश नगर मोती डूंगरी को खिरनी फाटक के पास से पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने वैशाली नगर सहित जयपुर के विभिन्न इलाकों में सिलेंडर चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है। वह दिन में आवासीय कॉलोनियों और बाजारों में घूमता था।

मौका मिलते ही घरों के बाहर रखे गैस सिलेंडर उठाकर ले जाता और उन्हें दुकानों तथा थड़ी-ठेलों पर कम दाम में बेच देता था।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी के 11 सिलेंडर बरामद किए गए। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

थानाधिकारी अरविंद सिंह शेखावत ने बताया कि परिवादी ओमप्रकाश शर्मा ने 3 नवंबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि गंगा सागर-बी स्थित उसके मकान नंबर 71 और पड़ोसी जीतेश के मकान नंबर 149 से अज्ञात बदमाश एचपी और इंडेन कंपनी के गैस सिलेंडर चोरी कर ले गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पकडा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here