रावत मिष्ठान भंडार की दो दुकानों पर खाद्य सुरक्षा टीम का छापा: मिठाइयों और चॉकलेट में मिले कीड़े

0
58

जयपुर। शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को रावत मिष्ठान भंडार की अजमेर रोड और नारायण सिंह सर्किल स्थित दुकानों पर छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान टीम को बेकरी उत्पादों में जिंदा और मृत कीड़े, मक्खियां तथा कॉकरोच मिले। पैकिंग बंद मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों पर निर्माण और समाप्ति तिथि सहित जरूरी जानकारियां भी अंकित नहीं थीं। कार्रवाई के दौरान टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे और अवधिपार सामग्री नष्ट करवाई।

खाद्य सुरक्षा टीम ने सबसे पहले अजमेर रोड स्थित दुकान का निरीक्षण किया। यहां बिक्री काउंटर और चिलर में रखी पैकिंग बंद मिठाइयों पर पैकिंग, निर्माण और समाप्ति तिथि सहित जरूरी जानकारियां नहीं मिलीं। तैयार खाद्य पदार्थों पर भी आवश्यक विवरण अंकित नहीं था। टीम ने यहां से केसर पिस्ता बर्फी का नमूना लिया।

निरीक्षण के दौरान बेकरी काउंटर के नीचे मृत कॉकरोच और मक्खियां मिलीं। मिठाई बनाने वाली जगह पर जमीन पर खाद्य पदार्थों के अवशेष और गंदगी भी पाई गई। कच्चा माल रखने के स्थान पर भी साफ-सफाई की कमियां मिलीं। राज कचौरी और दही पूरी जैसे खाद्य पदार्थ अखबार पर रखकर परोसे जा रहे थे।

चॉकलेट में मिले जिंदा और मृत कीड़े

कोल्ड स्टोरेज में रावत मिष्ठान भंडार के नाम से तैयार और पैक किए गए हेजलनट मिल्क तथा रोस्टेड चोको आलमंड हैंडक्राफ्टेड चॉकलेट में जिंदा और मृत कीड़े मिले। इन उत्पादों के पैकेट पर भी खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अनुसार जरूरी जानकारियां पूरी नहीं थीं।

बिना वैध लाइसेंस चल रहा था रेस्टोरेंट, तत्काल करवाया बंद

इसके बाद टीम ने नारायण सिंह सर्किल स्थित रावत मिष्ठान भंडार की दूसरी दुकान का निरीक्षण किया। यहां बिना वैध खाद्य लाइसेंस के रेस्टोरेंट संचालित मिला। जांच में पिज्जा टॉपिंग, ब्रेड, पाव, फ्रूट कॉकटेल, एमडीएच चना मसाला, बेबी कॉर्न, रेड चिली सॉस, ग्रीन टी, स्वीट कॉर्न और क्रीम सहित कई अवधिपार खाद्य सामग्री मिली। टीम के अनुसार इन सामग्रियों का उपयोग खाद्य पदार्थ तैयार करने में किया जा रहा था।

जांच में यह भी सामने आया कि रेस्टोरेंट संचालन, खाद्य पदार्थों की दोबारा पैकिंग और समोसा-कचौरी बनाने के लिए आवश्यक श्रेणी का वैध खाद्य लाइसेंस उपलब्ध नहीं था। इस पर टीम ने रेस्टोरेंट का संचालन तत्काल बंद करवा दिया। साथ ही निर्देश दिए कि संबंधित गतिविधियों के लिए वैध लाइसेंस मिलने तक रेस्टोरेंट संचालन, समोसा-कचौरी निर्माण और खाद्य पदार्थों की दोबारा पैकिंग नहीं की जाए।

दो खाद्य नमूने लिए, अवधिपार सामग्री करवाई नष्ट

नारायण सिंह सर्किल स्थित प्रतिष्ठान से एक्सोटिक डार्क चॉकलेटियर चॉकलेट और काजू पिस्ता रोल के दो नमूने जांच के लिए लिए गए। इसके अलावा वहां मिली अवधिपार खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।

खाद्य सुरक्षा टीम की इस कार्रवाई में दोनों प्रतिष्ठानों पर खाद्य पदार्थों के रखरखाव, स्वच्छता, पैकेजिंग और वैध लाइसेंस से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आईं। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here