खाद्य सुरक्षा टीम ने लिए बस्सी में मिठाइयों के 10 नमूने

0
21

जयपुर। दीपावली के त्योहार पर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की टीम ने बस्सी और जोबनेर क्षेत्र में कार्रवाई की। बस्सी में विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों के 10 नमूने लिए गए, जबकि जोबनेर में भी तीन मिठाई प्रतिष्ठानों से नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

बस्सी में खाद्य सुरक्षा टीम ने बस स्टैंड स्थित श्री जोधपुर मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी, बालाजी मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई और श्रीराम मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी के नमूने लिए। वहीं, गंगाधाम मोड़ स्थित लालजी जोधपुर स्वीट्स से मिश्री मावा तथा तूंगा रोड स्थित शर्मा स्वीट्स एंड लोटस पार्लर से मावा, कलाकंद और घी के नमूने लिए गए। सभी नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जांच के लिए भेजे गए हैं।

टीम ने बस्सी में करीब एक दर्जन दुकानों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को अच्छी गुणवत्ता का मावा इस्तेमाल करने, खाद्य रंगों का सीमित मात्रा में उपयोग करने और खराब या दूषित मिठाइयां नहीं बेचने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य पदार्थों को ढककर रखने और खाद्य लाइसेंस दुकान पर प्रदर्शित करने की हिदायत दी गई।

इसी अभियान के तहत जोबनेर क्षेत्र में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और नमूने लेने की कार्रवाई की गई। पन्ना मिष्ठान भंडार से रसगुल्ले, जोधाना मिष्ठान भंडार से कलाकंद और शिव शक्ति मिष्ठान भंडार से मिश्री मावा के नमूने लिए गए। इसके अलावा श्रीराम स्वीट्स का निरीक्षण कर संचालक को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा प्रतिष्ठान में साफ-सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार सभी नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here