जयपुर। श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर श्री भन्दे बालाजी धाम में समरस महाभोग का भव्य आयोजन किया गया। श्री हनुमान चालीसा प्रबंध समिति के संस्थापक संत अमरनाथ महाराज के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में सर्वसमाज की सहभागिता से 11 क्विंटल से अधिक देसी घी की बूंदी का महाभोग श्री भन्दे बालाजी महाराज को अर्पित किया गया। आयोजन की विशेषता यह रही कि इसमें सभी समाजों के लोगों ने भाग लेकर सामाजिक समरसता और सेवा का संदेश दिया।
महाभोग अर्पित करने के बाद बूंदी का प्रसाद कच्ची बस्तियों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों के बीच वितरित किया गया, ताकि दीपावली के अवसर पर समाज के हर वर्ग तक खुशियां और प्रसाद पहुंच सके। आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह और भक्तिभाव देखते ही बना।
इससे पूर्व धाम में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ हुआ। श्रद्धालुओं ने एक साथ पाठ कर बालाजी महाराज से सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इसके बाद धाम स्थित अखंड सिद्ध धूणी में पंचमेवा और घी से विधि-विधानपूर्वक पूर्णाहुति अर्पित की गई। धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद महाप्रसाद वितरण शुरू किया गया।
आयोजकों के अनुसार हनुमान जन्मोत्सव वर्ष में दो बार मनाने की परंपरा है। चैत्र पूर्णिमा को देश के विभिन्न भागों में तथा रूप चतुर्दशी पर उत्तर भारत और अयोध्या में हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाता है। इसी परंपरा के तहत श्री भन्दे बालाजी धाम में भी विशेष धार्मिक आयोजन किया गया।

पूरे आयोजन में भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता का संगम देखने को मिला। सर्वसमाज के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक प्रसाद पहुंचाने और सभी को दीपावली की खुशियों में सहभागी बनाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर संरक्षक रामस्वरूप यादव, दिनेश मित्तल, रमेश विजयवर्गीय, महेश बम्ब, सरदार राजन सिंह, सदस्य सुरेंद्र कुमावत, राधेश्याम विजयवर्गीय, राधेश्याम किरोड़ीवाल, सुनील किरोड़ीवाल, जय नारायण भावरीया, निर्मल गोयल, मुकेश बागड़ा, अजीत यादव, राम सिंह चौधरी, विवेक सैनी, ओम प्रकाश मोरवाल, प्रेमचंद कुमावत, महेश मारोठिया, रामनिवास कारगवाल, कैलाश कुमावत, मुकेश कुमावत, भगवान सहाय कुमावत, रामावतार छिपा, पवन कुमावत, नरेंद्र कुमावत, हीरालाल मामोडिया, हरसहाय जांगिड़ और मोहनलाल शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

















