जयपुर। वार्ड 121 के पार्षद नीरज अग्रवाल के प्रयासों से आदर्श नगर व्यापार मंडल की ओर से कई वर्षों बाद दीपावली पर बाजार में सजावट और रोशनी की व्यवस्था की गई। गुरुवार को सांसद मंजू शर्मा, महापौर सुनील कोठारी सहित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने सजावट का स्विच ऑन कर दीपोत्सव का शुभारंभ किया। इस बार बाजार को केसरिया थीम पर सजाया गया है।
कार्यक्रम में उप महापौर सरोज कंवर, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रहे रवि नैय्यर, राजस्थान सिख समाज के अध्यक्ष अजयपाल सिंह, ओसवाल सोप ग्रुप के निदेशक सुरेंद्र ओसवाल, समाजसेवी तुलसी त्रिलोकानी और बिमलेश अग्रवाल, पार्षद रेणु चौधरी, सर्वानंद व्यापार मंडल अध्यक्ष किशोर वासवानी तथा आदर्श नगर थानाधिकारी छगन लाल मौजूद रहे।
इस अवसर पर पार्षद नीरज अग्रवाल और व्यापार मंडल अध्यक्ष डिंपल सरदार ने बताया कि दीपोत्सव पर बाजार में केसरिया थीम के तहत सजावट की गई है। साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए बाजार में बैनर और होर्डिंग लगाए गए हैं। लाउडस्पीकर के माध्यम से स्लोगन और गीत प्रसारित कर लोगों से घरों, कॉलोनियों और बाजारों को स्वच्छ रखने की अपील की जा रही है।
पार्षद अग्रवाल ने स्वच्छता अभियान के तहत व्यापारियों को नीले और काले रंग के डस्टबिन भी वितरित किए। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने स्वच्छता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

















