परकोटे के दड़ा मार्केट में साड़ियों की दुकान में भीषण आग: चार दमकलों ने संभाला मोर्चा

0
19

जयपुर। परकोटे के माणक चौक थाना इलाके में हल्दियों का रास्ता स्थित दड़ा मार्केट में शनिवार रात साड़ियों और सलवार-सूट की दुकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ग्राउंड फ्लोर पर स्थित दो दुकानों के बाद पहली मंजिल की दो दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर दमकल की चार गाड़ियां और माणक चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास करते रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 9 बजे दुकान से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग लगने के समय दुकान बंद थी। बताया जा रहा है कि दुकान मालिक रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर घर जा चुके थे। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और आसपास के दुकानदारों व लोगों में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास का बाजार बंद करवाया और दड़ा मार्केट की बिजली आपूर्ति भी बंद करवा दी।

जिस परिसर में आग लगी, वहां दुपहिया वाहन भी खड़े थे। परिसर में एक गैस सिलेंडर मौजूद होने की बात भी सामने आई। ऐसे में आग के सिलेंडर तक पहुंचने पर बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। पुलिस और दमकलकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या पटाखे से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी दमकल की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here