भाई दूज पर सेंट्रल जेल में उमड़ी बहनों की भीड़: बहनों ने भाइयों की सलामती की मांगी दुआ

0
28
Crowds of sisters throng the Central Jail on Bhai Dooj
Crowds of sisters throng the Central Jail on Bhai Dooj

जयपुर। भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का पर्व भाई दूज बुधवार को जयपुर सेंट्रल जेल में भी पारंपरिक तरीके से मनाया गया। इस अवसर पर राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में बहनें जेल में बंद अपने भाइयों से मिलने पहुंचीं। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, अच्छे भविष्य और जल्द जेल से बाहर आने की कामना की। बहनों ने भाइयों को उनकी पसंद की मिठाई खिलाकर पर्व की रस्म निभाई। लंबे समय बाद अपनों से मिलकर कई बहनें और भाई भावुक हो गए।

जयपुर सेंट्रल जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट विल्सन शर्मा ने बताया कि जेल में सामान्य मुलाकात के अलावा रक्षाबंधन और भाई दूज जैसे त्योहार भी पारंपरिक रूप से मनाए जाते हैं। भाई दूज पर बहनों को विशेष व्यवस्था के तहत जेल के अंदर गेट के पास भाइयों से मुलाकात करवाई गई। इस दौरान बहनों ने सलाखों के बाहर से भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और भाई दूज की रस्म पूरी की।

सुबह 8 से शाम 4:30 बजे तक मुलाकात

जेल प्रशासन की ओर से महिलाओं को अनुशासित तरीके से प्रवेश दिया गया। मुलाकात के दौरान बहनों को अधिकतम एक किलो मिठाई लाने की अनुमति दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर जेल परिसर में विशेष इंतजाम किए गए थे। आरएसी और सुरक्षा कर्मियों का अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया गया। जेल में प्रवेश से पहले महिलाओं की आवश्यक जांच की गई। दूर-दराज से आने वाली महिलाओं की सुविधा के लिए जेल परिसर के बाहर टेंट, कुर्सियों और पीने के पानी की व्यवस्था भी की गई। मुलाकात का समय सुबह 8 बजे से शाम 4:30 बजे तक निर्धारित किया गया था।

मिलन के दौरान छलके आंसू

भाई दूज के अवसर पर जयपुर सेंट्रल जेल के बाहर सुबह से ही बहनों की कतारें लगी रहीं। कई बहनें दूर-दराज के इलाकों से अपने भाइयों के लिए उनकी पसंद की मिठाई लेकर पहुंचीं। जेल की चारदीवारी के पीछे भाइयों से मिलने का मौका उनके लिए बेहद खास रहा। बहनों ने तिलक लगाकर भाइयों की सलामती और बेहतर भविष्य की कामना की। वहीं, बहनों के हाथों से मिठाई खाते समय कई बंदी भी भावुक हो गए।

कई बहनों के लिए लंबे समय बाद अपने भाइयों से मिलने का अवसर किसी मन्नत के पूरा होने जैसा था। इस दौरान कहीं खुशी तो कहीं अपनों से दूर रहने का दर्द दिखाई दिया। भाई दूज के इस आयोजन ने जेल की चारदीवारी के बीच भी भाई-बहन के रिश्ते की मिठास और पारिवारिक प्रेम का एहसास कराया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here