जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की डूंगरपुर इकाई ने गुरुवार को पीएचसी झौथरी में तैनात चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमीत परमार को एक हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने मारपीट के मामले में मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट (एमएलसी) बनाने की एवज में परिवादी से रिश्वत मांगी थी।
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह जैन के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि मारपीट की घटना के संबंध में चौरासी थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसंधान के दौरान पुलिस की तहरीर पर वह एमएलसी बनवाने पीएचसी झौथरी पहुंचा था। यहां चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमीत परमार ने जांचें लिखकर डूंगरपुर से करवाने के लिए कहा और एमएलसी बनाने की एवज में 10 हजार रुपए की मांग की।
शिकायत का सत्यापन कराने पर आरोपी ने दो हजार रुपए लेने पर सहमति जताई। इस दौरान उसने परिवादी से एक हजार रुपए प्राप्त कर लिए। इसके बाद एसीबी डूंगरपुर टीम ने ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी को एक हजार रुपए लेते गिरफ्तार किया।

















