पानी के मीटर और एसी के तार चोरी कर रहे चोर

0
18

जयपुर। राजधानी में चोरों के हौसले बुलंद हैं। अब चोर घरों के बाहर लगे पानी के मीटर, एसी के तार और गेट के बाहर रखा सामान भी निशाना बना रहे हैं। बजाज नगर थाना क्षेत्र की दयानंद कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी की वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें स्कूटी सवार तीन बदमाश चोरी करते नजर आ रहे हैं।

इस घटना के सीसीटीवी फुटेज में दो आरोपी स्कूटी पर बैठकर आसपास आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखते दिखाई दे रहे हैं, जबकि तीसरा आरोपी घर के बाहर लगा पानी का मीटर और एसी के तार तोड़कर चोरी करता है। वारदात के बाद तीनों आरोपी स्कूटी से फरार हो जाते हैं।

दयानंद कॉलोनी निवासी संजय छाबड़ा ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उनके घर से पानी का मीटर और एसी के तार चोरी हुए हैं। उनका आरोप है कि कॉलोनी में पिछले 10 दिनों में तीन अलग-अलग घरों में इसी तरीके से चोरी की वारदात हो चुकी है। चोर घरों के गेट के बाहर रखा सामान भी उठा ले जा रहे हैं।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी कर वारदातों पर अंकुश नहीं लगाया तो बजाज नगर थाने का घेराव किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here