जयपुर। छोटीकाशी के प्रमुख आस्था केंद्र चांदी की टकसाल स्थित प्रसिद्ध काले हनुमान जी मंदिर में रविवार को पारंपरिक उल्लास और भक्ति भाव के साथ भव्य अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर बालाजी महाराज का मनमोहक और अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया। उत्सव के तहत बालाजी महाराज को मौसमी सब्जियों, विभिन्न प्रकार के अनाजों, मिठाइयों और छप्पन व्यंजनों का भव्य भोग अर्पित कर अन्नकूट की दिव्य झांकी सजाई गई।
संध्याकाल में हुई महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को अन्नकूट की प्रसादी का वितरण शुरू किया गया। मंदिर में भजन-कीर्तन की मधुर स्वरलहरियों के बीच भक्तों ने पवनपुत्र के दर्शन कर परिवार व प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। देर रात तक मंदिर में दर्शनों और प्रसादी ग्रहण करने का सिलसिला जारी रहा।

















