श्री अमरापुर स्थान में कार्तिक महोत्सव के चौथ पर्व पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

0
28
A massive surge of devotees gathered at Shri Amrapur Sthan for the fourth day of the Kartik Mahotsav.
A massive surge of devotees gathered at Shri Amrapur Sthan for the fourth day of the Kartik Mahotsav.

जयपुर। आस्था और भक्ति के केंद्र श्री अमरापुर स्थान जयपुर में पवित्र कार्तिक महोत्सव के अंतर्गत प्रेम प्रकाश संप्रदाय के आचार्य सद्गुरु स्वामी टेऊंराम महाराज का मासिक जन्मोत्सव चौथ पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित हरिनाम संकीर्तन प्रभात फेरी में गुलाबी नगरी के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रभात फेरी सुबह 6 बजे शुरू हुई। इसमें श्रद्धालुओं ने ‘जय टेऊंरामा दरस दिखाना’, ‘भक्तों को दर्शन दे गए मेरे खंडू वाले बाबा’ और ‘हरि बोल-हरि बोल’ सहित विभिन्न भजनों के माध्यम से हरिनाम का गुणगान किया। संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

दोपहर 3 बजे पंडित किशन दाधीच, पंडित शावन्त दाधीच, पंडित जितेंद्र दाधीच और संतों के सान्निध्य में सद्गुरु स्वामी टेऊंराम महाराज द्वारा रचित आध्यात्मिक वाणी ‘ब्रह्मदर्शनी’ का संगीतमय सामूहिक पाठ किया गया। इसके बाद आरती और सतनाम साखी महामंत्र का जाप हुआ। श्रद्धालुओं की ओर से आचार्य के समक्ष 56 व्यंजन का थाल अर्पित किया गया। संतों ने कार्तिक माह में स्नान, दान और नाम जप के विशेष महत्व पर प्रकाश डाला।

दीपावली के अवकाश के चलते कार्तिक महोत्सव में शामिल होने के लिए अहमदाबाद, सूरत, भावनगर, गुजरात, दिल्ली, कोलकाता, अजमेर, अलवर और सीकर सहित विभिन्न स्थानों से श्रद्धालु जयपुर पहुंचे। उन्होंने प्रभात फेरी और कार्तिक महोत्सव में भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया। उत्सव में स्वामी मनोहर लाल, संत मोनूराम, संत गुरुदास और संत नवीन सहित अन्य संतों ने सद्गुरु स्वामी टेऊंराम जी महाराज की ओर से रचित आध्यात्मिक वाणी, दोहे, पद, छंद, भजन और कविताओं का वाचन किया।

वहीं कार्तिक महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को मांग्यावास स्थित सतगुरु टेऊंराम गोशाला में गोपाष्टमी का पर्व विशाल स्तर पर मनाया जाएगा। श्री अमरापुर स्थान के हाजरा हजूर पूज्य गुरुदेव सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश महाराज के पावन सान्निध्य में सत्संग, प्रवचन और गोमाता की सेवा-पूजा के कार्यक्रम होंगे। मुख्य आयोजन सुबह 10 बजे से शुरू होगा। गोपूजन के साथ विशाल आम भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। संतों ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here