पुष्कर मेले में आकर्षण का केंद्र बना 36 इंच का विदेशी पौनी घोड़ा

0
27

जयपुर/अजमेर। अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेले में देशभर से पशुपालकों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। मेले में इस बार ऊंचे कद के मारवाड़ी नस्ल के घोड़ों के साथ विदेशी नस्ल का छोटा कद वाला शेटलैंड पौनी घोड़ा और नन्ही गायें लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इन छोटे कद के पशुओं को देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं। बच्चे और बड़े इनके साथ तस्वीरें खिंचवाकर मेले की यादें संजो रहे हैं।

जयपुर से आए पशुपालक अभिनव तिवारी इस बार भी छोटे कद के पशुओं के साथ मेले में पहुंचे हैं। तिवारी ने बताया कि उनके पास 15 छोटे कद की गायें और एक काला घोड़ा है। वह वर्ष 2013 से पुष्कर मेले में घोड़े लेकर आ रहे हैं, जबकि पिछले तीन वर्षों से छोटे कद की गायों को भी मेले में प्रदर्शित कर रहे हैं।

इस बार उनके पास विदेशी नस्ल का शेटलैंड पौनी काला घोड़ा है, जिसकी ऊंचाई मात्र 36 इंच है। लंबी पूंछ और गर्दन पर घने एवं लंबे बालों वाले इस घोड़े का रंग काला होने के कारण उन्होंने इसका नाम ‘भालू’ रखा है। तिवारी के अनुसार मेले में ऊंचे कद के कई घोड़े आए हैं, लेकिन इतना छोटा घोड़ा पहली बार देखने को मिल रहा है। शेटलैंड पौनी नस्ल के घोड़े मूल रूप से स्कॉटलैंड के शेटलैंड द्वीप समूह में पाए जाते हैं। पहले इनका उपयोग कृषि कार्यों और परिवहन के लिए किया जाता था।

तिवारी ने बताया कि उनके पास विच्चूर, मिनी हाउस और पुंगनूर नस्ल की कुल 15 छोटे कद की गायें हैं। वह इन गायों को बेचने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि प्रदर्शनी के लिए पुष्कर मेले में लाए हैं। उनका उद्देश्य लोगों में गोपालन के प्रति रुचि बढ़ाना और देसी नस्ल की छोटी गायों के संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने बताया कि छोटे कद की गायों का पालन अपेक्षाकृत आसान है। इन्हें कम जगह और कम खर्च में पाला जा सकता है तथा इनसे अच्छा दूध उत्पादन भी होता है।

तिवारी के अनुसार उनके पास पुंगनूर नस्ल की गाय की ऊंचाई मात्र 14 इंच है, जो प्रतिदिन करीब तीन लीटर दूध देती है। वहीं, विच्चूर नस्ल की गाय की ऊंचाई 28 इंच है और यह रोजाना करीब पांच लीटर दूध देती है। उन्होंने बताया कि छोटे कद की गाय घर में भी आसानी से रह सकती है। इसे 10 गुणा 10 फीट के कमरे में रखा जा सकता है और यह घर में आराम से घूम सकती है।

तिवारी ने कहा कि जिस तरह लोग अच्छी नस्ल के कुत्ते पालने को अपना शौक और प्रतिष्ठा मानते हैं, उसी तरह छोटे कद की गायें भी लोगों के बीच आकर्षण और प्रतिष्ठा का विषय बन रही हैं। उन्होंने लोगों से घरों में गाय पालने की अपील करते हुए कहा कि इससे सड़कों पर घूमने वाली गायों की समस्या कम करने में मदद मिलेगी और देसी नस्लों के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here