जयपुर। मुरलीपुरा थाना इलाके में बुधवार देर रात एक सिक्योरिटी गार्ड ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह उसका शव सीकर रोड स्थित होटल नीलगिरी के पास एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची मुरलीपुरा थाना पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील ने बताया कि प्रमोद शर्मा (50) भवानी नगर सीकर रोड का निवासी था और सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता था। वह शराब पीने का आदी था। बुधवार देर शाम वह घर पर किसी को बताए बिना निकल गया। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजन रातभर उसे ढूंढते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
गुरुवार सुबह सीकर रोड पर होटल नीलगिरी के पास एक पेड़ पर प्रमोद का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को नीचे उतरवाया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

















