जयपुर। सिंधी कैंप बस स्टैंड से गायब हुई ढाई साल की बच्ची को पश्चिम जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्ची को अपने पास रखने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि 18 नवंबर की रात पुलिस कंट्रोल रूम को बस स्टैंड से ढाई साल की बच्ची के गायब होने की सूचना मिली थी। इस पर सिंधी कैंप थानाधिकारी वंदना नरूला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर बच्ची की तलाश शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश के हाथरस निवासी मनोज कुमार जाटव अपनी ढाई साल की बच्ची के साथ रूपनगढ़ (अजमेर) से गांव जाने के लिए सिंधी कैंप बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक अनजान व्यक्ति से हुई। कुछ ही मिनटों में दोनों के बीच भरोसा हो गया और उन्होंने साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद मनोज बच्ची को उस व्यक्ति के पास छोड़कर सामान लेने चला गया। लौटने पर बच्ची और वह व्यक्ति दोनों गायब मिले।
पुलिस ने बस स्टैंड के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो संदिग्ध व्यक्ति एक बुजुर्ग महिला के साथ नजर आया। जांच में पता चला कि वह महिला को उत्तर प्रदेश जाने वाली बस में बैठाने आया था। इसके बाद पुलिस ने सिंधी कैंप से उत्तर प्रदेश जाने वाली बसों को ट्रांसपोर्ट नगर में रुकवाकर जांच की और महिला से पूछताछ की। साथ ही शहर में नाकाबंदी कर तलाश तेज की गई।
सिंधी कैंप थानाधिकारी वंदना नरूला ने मुरलीपुरा थानाधिकारी वीरेन्द्र कुरील से समन्वय कर मुरलीपुरा क्षेत्र में डोर-टू-डोर जांच करवाई। इस दौरान बेनाड़ रोड स्थित बजरंग कॉलोनी में आरोपी के किराए के मकान से बच्ची सकुशल मिल गई। पुलिस ने बच्ची को उसके पिता मनोज कुमार को सौंप दिया।
वहीं पुलिस ने आरोपी पप्पू जाटव (39) निवासी अतरौली जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश), हाल मुरलीपुरा जयपुर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में सिंधी कैंप थाना पुलिस के साथ मुरलीपुरा और ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस की टीमों ने भी सहयोग किया। सिंधी कैंप थाना टीम में थानाधिकारी वंदना नरूला, हेड कांस्टेबल गणेश लाल, अमरचंद, कांस्टेबल चिरंजीलाल, अनिल कुमार, सुरेश और चालक कांस्टेबल लल्लूप्रसाद शामिल रहे। मुरलीपुरा थानाधिकारी वीरेन्द्र कुरील और ट्रांसपोर्ट नगर थानाधिकारी छोटेलाल ने भी टीमों के साथ कार्रवाई की।

















