जयपुर। त्रिवेणी धाम में आयोजित 108 कुंडीय श्री सीताराम महायज्ञ का धार्मिक उल्लास और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से समापन हुआ। राम रिछपाल दास महाराज के सानिध्य में आयोजित महायज्ञ में छोटी काशी सहित देशभर से आए संत-महंतों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूर्णाहुति के अवसर पर यज्ञ कुंडों में आहुतियां अर्पित कर विश्व शांति, लोक कल्याण और जनमंगल की कामना की गई।
यज्ञाचार्य गणेश दास महाराज के आचार्यत्व में संपूर्ण यज्ञ अनुष्ठान संपन्न हुआ। इस दौरान संत-महात्माओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर यज्ञ कुंडों में आहुतियां दीं। श्रद्धालुओं ने भी पूर्णाहुति में भाग लेकर धर्म और अध्यात्म के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। इसके बाद विधिवत महाआरती की गई।
महायज्ञ में मेहंदीपुर बालाजी धाम के महंत नरेश पुरी महाराज, मलूक पीठाधीश्वर राजेन्द्र दास महाराज, काले हनुमानजी के युवाचार्य योगेश शर्मा और धन्ना पीठाधीश्वर बजरंग दास महाराज सहित देश-प्रदेश के अनेक संत-महंत शामिल हुए। समापन अवसर पर त्रिवेणी धाम में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल रहा।
















