देवउठनी एकादशी के साथ शुरू होंगे मांगलिक और वैवाहिक कार्य, घरों में होगा तुलसी विवाह

0
45
24 couples became companions in mass marriage ceremony ​
24 couples became companions in mass marriage ceremony ​

जयपुर। राजस्थान में शुक्रवार को देवउठनी एकादशी के साथ ही मांगलिक और वैवाहिक कार्यक्रमों की शुरुआत हो जाएगी। इस अवसर पर घरों और मंदिरों में तुलसी विवाह के आयोजन होंगे। धार्मिक मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से घर में सुख-समृद्धि आती है और परिवार में खुशहाली बनी रहती है।

पंडित राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि हिंदू धर्म में तुलसी को केवल पौधा नहीं, बल्कि देवी का स्वरूप माना गया है। घर के आंगन में तुलसी का पौधा लगाकर प्रतिदिन उसकी पूजा करना प्राचीन परंपरा है। मान्यता है कि तुलसी में माता लक्ष्मी का वास होता है और वह भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय हैं। इसी कारण कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष में तुलसी और भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप का विवाह कराया जाता है। इसे घर में सुख-शांति और समृद्धि लाने वाला शुभ संस्कार माना जाता है।

उन्होंने बताया कि तुलसी विवाह के साथ ही हिंदू परंपरा में मांगलिक और विवाह कार्यों की शुरुआत होती है। तुलसी विवाह में कन्यादान करने से कन्यादान के समान पुण्य मिलने की मान्यता है। जिन परिवारों में कन्या नहीं होती, वे भी तुलसी विवाह का आयोजन कर इस धार्मिक परंपरा में भाग लेते हैं। पौराणिक कथा के अनुसार पतिव्रता वृंदा के शाप से भगवान विष्णु शालिग्राम रूप में प्रकट हुए और वृंदा तुलसी के रूप में पूजनीय बनीं। वृंदा की भक्ति का सम्मान करते हुए भगवान विष्णु ने प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास में तुलसी के साथ विवाह का वरदान दिया।

तुलसी विवाह के अवसर पर तुलसी के पौधे को लाल चुनरी, फूलों और श्रृंगार सामग्री से दुल्हन की तरह सजाया जाता है। कई स्थानों पर गन्ने का मंडप बनाया जाता है और भगवान शालिग्राम को पीले वस्त्रों में विराजमान किया जाता है। इसके बाद तुलसी की चुनरी और शालिग्राम के पीले वस्त्र का गठबंधन किया जाता है। परिवार के सदस्य या दंपती विधिपूर्वक कन्यादान का संकल्प लेते हैं। विवाह मंत्रों, शंख ध्वनि और मंगल गीतों के बीच फेरे या परिक्रमा की जाती है। अंत में आरती कर प्रसाद वितरित किया जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here