जयपुर। नारायण विहार इलाके में बजरी सप्लायर की दुकान पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग और गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दहशत फैलाने वाले तीन शातिर बदमाशों का पुलिस ने कानून का खौफ दिखाते हुए जुलूस निकाल दिया। गुरुवार शाम नारायण विहार थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को वारदातस्थल पर ले जाकर पैदल परेड करवाई। जिस इलाके में कुछ दिन पहले इन बदमाशों ने गोलियां चलाकर खौफ पैदा करने की कोशिश की थी, उसी जगह गुरुवार शाम तीनों आरोपी लंगड़ाते हुए चलते नजर आए।
डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रताप नगर के सेक्टर-17 निवासी सचिन शर्मा (32), भरतपुर हाल प्रताप नगर निवासी अनुपम सिंह (27) और वजीरपुर (सवाई माधोपुर) निवासी अभिषेक शर्मा (28) के रूप में हुई है। तीनों बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते नारायण विहार स्थित हरिओम धर्मकांटे के पास बजरी सप्लायर की दुकान पर काम करने वाले महेन्द्र प्रताप सिंह को जान से मारने की नीयत से हमला किया था। बदमाशों ने दुकान और बाहर खड़ी गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की और तीन राउंड फायर किए। घटनास्थल से पुलिस को कारतूस के तीन खाली खोल भी बरामद हुए थे।
36 घंटे में सवाई माधोपुर से दबोचे गए थे तीनों बदमाश
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए थे, लेकिन नारायण विहार थाना पुलिस और डीएसटी साउथ की संयुक्त टीम ने पीछा करते हुए महज 36 घंटे के भीतर तीनों को सवाई माधोपुर से धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद गुरुवार शाम पुलिस ने घटनास्थल की तस्दीक कराने के लिए आरोपियों की पैदल परेड निकाली। परेड के दौरान तीनों बदमाशों के चेहरे उतरे हुए थे और वे लंगड़ाते हुए चलते दिखाई दिए, जिसे देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

















