अवैध शराब का धंधा चलाने वाला तस्कर जुगनू सांसी गिरफ्तार

0
5

जयपुर। श्यामनगर थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 100 पव्वे अवैध देशी शराब और शराब बिक्री की मोटी रकम 74,240 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि शहर में अवैध हथियार, मादक पदार्थ और अवैध शराब की तस्करी व बिक्री पर सख्त अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा के मार्गदर्शन और एसीपी सोढाला जैठूसिंह के निकट सुपरविजन में श्यामनगर थानाधिकारी हरिसिंह दूदवाल के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई।

गठित टीम थाना क्षेत्र में लगातार निगरानी रख रही थी और सूचनाएं संकलित कर रही थी। इसी दौरान पुख्ता आसूचना और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने दबिश दी और अवैध शराब बेचते हुए आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुगनू मालवत उर्फ जुगनू सांसी (38) पुत्र भागचंद मालवत, निवासी मोती नगर, कटेवा नगर, थाना श्यामनगर, जयपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी शराब ‘घूमर’ के 100 पव्वे और बिक्री की नकदी 74,240 रुपये जब्त कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम तहत मामला दर्ज कर आगे का अनुसंधान किया जा रहा है। इस सफल कार्रवाई में एसआई वीरेंद्र सिंह, कांस्टेबल महेश कुमार और कांस्टेबल पवन कुमार की अहम भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here