जयपुर। गुलाबी नगरी के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र श्री अमरापुर स्थान में इन दिनों पवित्र कार्तिक माह के उपलक्ष्य में भक्ति और श्रद्धा की बयार बह रही है। शहर के विभिन्न हिस्सों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु सुबह 6 बजे निकलने वाली प्रभात फेरी और हरिनाम संकीर्तन में शामिल होकर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कर रहे हैं।”हरि बोल- हरि बोल जय जय राधा रमण हरि बोल” के भावपूर्ण जयघोष से पूरा दरबार गुंजायमान हो रहा है।
कार्तिक महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सतनाम साखी महामंत्र का 108 बार जाप, नित्य नियम प्रार्थना, कार्तिक महात्म्य की कथा और संत-महात्माओं के सत्संग का क्रम चल रहा है। संतों ने बताया कि 24 नवंबर, मंगलवार तक चलने वाले इस महोत्सव की दिनचर्या विशेष रूप से तय की गई है। इसके तहत सुबह 6 से 7 बजे तक प्रभात फेरी व हरिनाम संकीर्तन, 7 से 9 बजे तक प्रार्थना, सत्संग, कार्तिक कथा, श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ का वाचन व आरती होगी, जबकि शाम 4 से 6 बजे तक भजन, सत्संग और आरती के आयोजन किए जा रहे हैं।
24 नवंबर को पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ समापन
महोत्सव के समापन अवसर पर मंगलवार, 24 नवंबर को सुबह 6 से 11 बजे तक प्रभात फेरी व हरिनाम संकीर्तन के साथ संतों का सत्संग होगा। इस दिन गीता, श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ और कार्तिक कथा की पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे और प्रसादी वितरण के साथ कार्तिक उत्सव का विधिवत समापन किया जाएगा।
शनिवार, 21 नवंबर को हरप्रबोधनी देवउठनी एकादशी के अवसर पर श्री अमरापुर दरबार में विशेष धार्मिक कार्यक्रम होंगे। सुबह 6 से 7 बजे तक प्रभात फेरी में हरिनाम व सदगुरु टेऊँराम संकीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें पूज्य श्री गुरु महाराज जी भी सम्मिलित होंगे और भक्तों को उनका सान्निध्य व दर्शन प्राप्त होगा।
इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान के विविध स्वरूपों की वेशभूषा धारण कर दरबार पहुंचेंगे। दिनभर सुबह-शाम हरिनाम संकीर्तन, गुरु महिमा गुणगान, मंदिर व समाधि स्थल का पुष्प श्रृंगार तथा एकादशी व्रत की प्रसादी बांटी जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए पूज्य गुरुदेव के दर्शन, शनिवार का दिन और एकादशी का यह संयोग किसी त्रिवेणी संगम से कम नहीं माना जा रहा है।

















