जयपुर। छोटी काशी के मंदिरों में शुक्रवार को भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्तिक शुक्ल एकादशी के पावन अवसर पर 118 दिनों की लंबी योगनिद्रा के बाद भगवान विष्णु जागृत हुए। इसके साथ ही आषाढ़ शुक्ल एकादशी से चला आ रहा चार माह का चातुर्मास संपन्न हो गया और मांगलिक कार्यों पर लगा विराम भी हट गया।
सुबह होते ही शहर के प्रमुख मंदिरों में आस्था का ज्वार उमड़ पड़ा। पुजारियों और श्रद्धालुओं ने “उत्तिष्ठ उत्तिष्ठ गोविंद उत्तिष्ठ गरुडध्वज, उत्तिष्ठ कमलाकांत त्रैलोक्यं मंगलं कुरु” मंत्र के सस्वर पाठ के साथ ठाकुरजी को निद्रा से जगाया। शंख, घंटा और घड़ियाल की मधुर ध्वनि से मंदिर परिसर गूंज उठे। घरों में भी देवोत्थान एकादशी को ‘छोटी दिवाली’ की तरह मनाया गया। लोगों ने आंगन में आकर्षक रंगोली सजाई और दीप प्रज्वलित किए। पूजन में गन्ना, सिंघाड़ा, शकरकंद, बेर और नई मौसमी फसलों का भोग लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की गई।
रवि योग का संयोग और उदियात तिथि में व्रत आज
ज्योतिषाचार्य डॉ. महेन्द्र मिश्रा ने बताया कि इस बार देवउठनी एकादशी पर दिनभर रवि योग का शुभ प्रभाव बना रहा। एकादशी तिथि शुक्रवार सुबह 7:15 बजे प्रारंभ हुई, जो शनिवार 21 नवंबर को सुबह 6:30 बजे तक रहेगी। नक्षत्रों की स्थिति के अनुसार सुबह 6:56 बजे तक पूर्वाभाद्रपद और उसके बाद उत्तराभाद्रपद नक्षत्र का प्रभाव रहा, जबकि रात में वज्र के बाद सिद्धि योग बना। उदियात तिथि की मान्यता के चलते श्रद्धालु शनिवार, 21 नवंबर को एकादशी का व्रत रखेंगे।
उदियात तिथि में एकादशी होने के कारण शनिवार को घर-घर में विवाह जैसा उल्लास नजर आएगा। श्रद्धालु तुलसी के गमले को रंगीन चुनरी, फूलों और दीपों से दुल्हन की तरह सजाएंगे। शाम के समय गन्ने का मंडप तैयार कर उसके नीचे माता तुलसी और भगवान शालिग्राम को विराजमान किया जाएगा। हल्दी, मेहंदी और मंगल गीतों के बीच पारंपरिक रीति-रिवाजों से दोनों का विवाह संपन्न होगा और महाआरती के साथ श्रीहरि के जागरण का उत्सव मनाया जाएगा।
भीष्म पंचक शुरू, 24 नवंबर तक चलेंगे विशेष अनुष्ठान
देवउठनी एकादशी के साथ ही कार्तिक मास के अत्यंत पुण्यदायी ‘भीष्म पंचक’ का भी श्रीगणेश हो गया है। महाभारत के भीष्म पितामह की भक्ति से जुड़ा यह पांच दिवसीय अनुष्ठान 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर संपन्न होगा। इस दौरान मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना होगी और श्रद्धालु व्रत, संयम व दान-पुण्य के माध्यम से आध्यात्मिक लाभ अर्जित करेंगे।
ग्रहों की चाल बदलेगी और शुरू होंगे शुभ मुहूर्त
ज्योतिषीय दृष्टि से भी यह समय बेहद खास है। डॉ. मिश्रा के अनुसार, सूर्य और मंगल के बीच राशि परिवर्तन योग बन रहा है, जो व्यक्तिगत निर्णयों, पारिवारिक जीवन और कार्यक्षेत्र को प्रभावित करेगा। वहीं, 22 नवंबर को शुक्र के तुला राशि में गोचर करने से प्रेम संबंधों, दांपत्य जीवन और आर्थिक मामलों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
दूसरी ओर, चातुर्मास खत्म होते ही शादी-ब्याह की तैयारियां तेज हो गई हैं। पंचांग के अनुसार, 21 नवंबर को इस सीजन का पहला विवाह लग्न है। इसके अलावा गृह प्रवेश व अन्य मांगलिक संस्कारों के लिए 21, 24 और 25 नवंबर को भी श्रेष्ठ मुहूर्त उपलब्ध रहेंगे।

















