जयपुर/बीकानेर। भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं की गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुंचाने तथा चातुर्मास अनुष्ठान की प्राचीन परंपरा को जीवंत रखने के उद्देश्य से आयोजित सनातन जागृति महाअभियान के तहत 44वें चातुर्मास पूजन अनुष्ठान की पूर्णाहुति का छह दिवसीय महोत्सव जारी है।
भारतीय संस्कृति एवं सनातन सार्वभौम महासभा और श्री विप्र महासभा के संयुक्त तत्वावधान में श्री कोलायत के पावन कपिल मुनि घाट पर विशेष पूजन, भोग, आरती और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान सनातन संस्कृति की सेवा में समर्पित 21 पुजारियों को आध्यात्मिक सेवा एवं आदर्श दम्पत्ति सम्मान से सम्मानित किया गया। साथ ही 24 नवंबर को होने वाले विशेष पूजन, भोग, महाआरती और दीपोत्सव के आयोजन के बैनर का विमोचन भी किया गया।
संतों, विद्वानों और पुजारियों के सान्निध्य में हुए अनुष्ठान में चातुर्मास पूजन अनुष्ठान के मुख्य साधक पंडित योगेन्द्र कुमार दाधीच ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुजारियों के माध्यम से श्री कपिल मुनि, भगवान विष्णु, मां लक्ष्मी, तुलसी माता और शालिग्राम भगवान का विधिवत पूजन करवाया। इसके बाद भगवान को भोग अर्पित किया गया और आरती की गई। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करने के साथ भगवान विष्णु के दशावतार की अभिमंत्रित तस्वीरें भी भेंट की गईं।
पूजन, भोग और आरती अनुष्ठान में पंडित योगेन्द्र कुमार दाधीच के साथ शंकर लाल जोशी, नमोनारायण शर्मा, सुरेश शर्मा, प्रवीण दाधीच, विजय शंकर व्यास, बजरंग लाल सेवग, राजकुमार सेवग, आयुष सेवग, अनीश सेवग, किशन लाल सेवग, मनोज सेवग, ब्रज रतन सेवग और विष्णु सेवग सहित अनेक पुजारी, प्रबुद्धजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
समारोह में सर्दी, गर्मी और बारिश की परवाह किए बिना पीढ़ी-दर-पीढ़ी निःस्वार्थ भाव से सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की सेवा में जुटे 21 पुजारियों को आध्यात्मिक सेवा एवं आदर्श दम्पत्ति सम्मान से अलंकृत किया गया। सम्मानित पुजारियों को अभिनंदन पत्र, भगवान विष्णु के दशावतार एवं माता सरस्वती की तस्वीर तथा स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।
सम्मानित होने वालों में बजरंग लाल सेवग, किशन सेवग, गोविंद पंचारिया, राजकुमार सेवग, नथ मल सेवग, मनोज सेवग, नवरतन सेवग, विष्णु सेवग, किशन भार्गव, शिव रतन सेवग, ब्रजरतन सेवग, प्रकाश सेवग, हरिकिशन पंचारिया, आयुष सेवग, अनीश सेवग और सुरेश सेवग सहित कुल 21 पुजारी शामिल रहे। इस अवसर पर शंकर लाल जोशी, नमोनारायण शर्मा, सुरेश शर्मा, कैलाश पंचोली (जयपुर) और प्रवीण दाधीच सहित गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
चातुर्मास पूजन अनुष्ठान की पूर्णाहुति पर 24 नवंबर 2026 को श्री कोलायत के पावन कपिल मुनि घाट पर भव्य महाआरती, दीपोत्सव, विशेष पूजन, भोग और प्रसाद वितरण का आयोजन होगा। इस दौरान राष्ट्रीय एवं सनातन सेवा संकल्प/शपथ का अनुष्ठान भी किया जाएगा। इस विशेष आयोजन के बैनर का विमोचन संतों, पुजारियों और प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में किया गया।
महाअभियान के तहत श्रद्धालुओं को सवा लाख वैदिक मंत्रों से अभिमंत्रित और पूजित देवचित्र निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं। इनमें मां लक्ष्मी और गणेशजी, माता सरस्वती और शिव दरबार, राम दरबार और हनुमानजी, भगवान विष्णु के दस अवतार, राधा-कृष्ण, दुर्गा माता, भगवान परशुराम, गंगा माता, दधिमती माताजी और भगवान दधीचि के चित्र शामिल हैं। श्रद्धालु इन चित्रों को अनुष्ठान स्थलों और निर्धारित वितरण केंद्रों से प्राप्त कर सकते हैं।
अभियान के मुख्य प्रणेता एवं साधक पंडित योगेन्द्र कुमार दाधीच ने समस्त सनातन धर्मावलंबियों से छह दिवसीय महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने श्रद्धालुओं से निकटतम निर्धारित मंदिर केंद्र से अभिमंत्रित देवचित्र प्राप्त कर अपने घर, परिवार और व्यवसाय स्थल पर स्थापित करने का भी आह्वान किया।

















