बैकुंठ चतुर्दशी पर मंदिर श्री राधा मोहन जी में सजेंगी सात भव्य झांकियां

0
25

जयपुर। दुर्गापुरा स्थित करीब 350 वर्ष प्राचीन मंदिर श्री राधा मोहन जी में सोमवार को बैकुंठ चतुर्दशी एवं देव दिवाली की पूर्व संध्या पर भव्य धार्मिक आयोजन होगा। इस अवसर पर ठाकुर जी की सात आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। मंदिर परिसर को फूलों, दीपों और आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया जाएगा।

आयोजन के तहत सुबह से रात तक भगवान की सात विशेष आरतियां होंगी। सुबह 5:15 बजे माखन-मिश्री के भोग के साथ मंगला आरती होगी। सुबह 7 बजे धूप आरती और 10 बजे फूल, माला एवं इत्र से श्रृंगार आरती की जाएगी। दोपहर 12 बजे राजभोग आरती के दौरान भगवान को छप्पन भोग अर्पित कर भव्य झांकी सजाई जाएगी। वहीं शाम 4:15 बजे ग्वाल आरती में ठाकुर जी को कच्चे दूध का भोग लगाया जाएगा।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण शाम 6 से 6:30 बजे तक होने वाली सामूहिक महाआरती होगी। इसमें 1100 दीपकों से भगवान श्री राधा मोहन जी की महाआरती की जाएगी। दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में जगमगा उठेगा। महाआरती में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से अपने साथ तीन दीपक लाने का आग्रह किया गया है।

रात्रि 8:15 बजे पान, नारियल एवं भेंट के साथ शयन आरती होगी। मंदिर प्रबंधन ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं को सपरिवार आमंत्रित करते हुए सातों झांकियों और 1100 दीपकों की सामूहिक महाआरती में शामिल होकर पुण्य लाभ लेने का आग्रह किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here