राहगीर से मोबाइल छीनकर फरार होने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार

0
11
Cunning accused who snatched a mobile phone from a passerby and fled has been arrested.
Cunning accused who snatched a mobile phone from a passerby and fled has been arrested.

जयपुर। विद्याधर नगर थाना पुलिस ने पैदल जा रहे राहगीर से मोबाइल छीनकर फरार होने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल बरामद करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है और मौज-मस्ती तथा अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि विद्याधर नगर थाना पुलिस ने पैदल जा रहे राहगीर से मोबाइल छीनकर फरार होने वाले आरोपी शाहिद (21) निवासी भट्टा बस्ती जयपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया है। साथ ही उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी शाहिद के खिलाफ विद्याधर नगर थाने में पूर्व मामला दर्ज है। इस प्रकरण में पुलिस चालान पेश कर चुकी है। आरोपी चोरी और मोबाइल छीनने जैसी वारदातों का आदतन अपराधी है। उससे मोबाइल स्नैचिंग की अन्य घटनाओं और संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

विद्याधर नगर थानाधिकारी सज्जन कुमार के अनुसार 22 नवंबर 2026 को परिवादी ने विद्याधर नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका बेटा मुदित सैन मंदिर मोड़ सर्किल से अपने घर की ओर आ रहा था। इसी दौरान मंदिर मोड़ सर्किल पर रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक उसके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गया।

आरोपी मंदिर मोड़ से कांवटिया जाने वाली सड़क की तरफ भागा। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी सहायता और फुटेज के विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here