जयपुर। छोटी काशी जयपुर के जनता कॉलोनी, आदर्श नगर स्थित साहू सेवा सदन में श्री राधा गोपिका मंडल के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय श्री रुक्मिणी मंगल कथा महोत्सव का श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन कथावाचक आशीष व्यास शास्त्री महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी विवाह का भावपूर्ण प्रसंग सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
महाराज ने प्रसंग सुनाते हुए बताया कि रुक्मिणी भगवान श्रीकृष्ण को अपना वर बनाना चाहती थीं। इसके लिए उन्होंने एक ब्राह्मण के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण को पत्र भेजकर उनसे विवाह करने की प्रार्थना की। भगवान श्रीकृष्ण ने उनकी प्रार्थना स्वीकार की और रुक्मिणी को अपने साथ द्वारिका ले गए, जहां विधि-विधान से दोनों का विवाह संपन्न हुआ।
इस प्रसंग के अवसर पर कथा स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण की भव्य बारात निकाली गई और श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह की आकर्षक झांकी सजाई गई। विवाह की रस्मों के दौरान श्रद्धालुओं ने मंगल गीत गाकर खुशियां मनाईं और भक्तिभाव के साथ विवाह उत्सव में भाग लिया।
कार्यक्रम में शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज और प्रवीण बड़े भैया ने शिरकत कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। कथा के पावन अवसर पर संत-महंतों का भी आगमन हुआ।
महोत्सव के लिए कथा स्थल को रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक बंदरवाल से सजाया गया था। तीनों दिन कथा में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और रुक्मिणी मंगल के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया गया। अंतिम दिन विवाह उत्सव के साथ तीन दिवसीय कथा महोत्सव का भक्तिमय वातावरण में समापन हुआ।

















