जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस के यशवीर सूरा निर्वाचित

0
25
Congress's Yashveer Sura elected to the post of District Chief
Congress's Yashveer Sura elected to the post of District Chief

जयपुर। जयपुर जिला प्रमुख चुनाव में जीत के बाद नवनिर्वाचित जिला प्रमुख यशवीर सूरा ने कांग्रेस की जीत का श्रेय युवाओं के योगदान और भाजपा सरकार के प्रति जनता की नाराजगी को दिया है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2028 में राजस्थान में प्रचंड बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनेगी और 2029 में केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार सत्ता में आएगी।

सूरा ने जीत के बाद जयपुर की जनता, जिला परिषद के सभी 42 सदस्यों, कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता ने उन पर भरोसा जताकर आशीर्वाद दिया है। कांग्रेस को मिला ऐतिहासिक जनादेश भाजपा सरकार की कथित तानाशाही और उसके प्रति जनता की नाराजगी का परिणाम है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में गांवों और ढाणियों के विकास के लिए किए गए कार्यों को भी जनता याद कर रही है।

उन्होंने कहा कि उनके बोर्ड की प्राथमिकता गांवों को मजबूत बनाना और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सशक्त करना होगा। ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और गांवों के समग्र विकास की दिशा में काम किया जाएगा। उनका लक्ष्य एक सुनहरा और विकसित ग्रामीण जयपुर बनाना है।

राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सूरा ने आरोप लगाया कि सरकार के पास न स्पष्ट नीति है और न ही काम करने की सोच। उन्होंने कहा कि सरकार केवल भाषण देने में लगी है और जनता से किए गए वादे उसकी प्राथमिकता में नहीं हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा केवल अपना समय निकाल रहे हैं, जबकि भाजपा के अन्य नेता सत्ता की कुर्सी हासिल करने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

सूरा ने केंद्र की मोदी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि तीसरे कार्यकाल में सरकार जनता का भरोसा खो चुकी है। भाजपा को जिस विश्वास के साथ जनादेश मिला था, वह भरोसा टूट गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लाठी के दम पर शासन चलाना चाहती है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वह स्वयं युवा हैं और नौजवानों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहेंगे। युवाओं के हक की लड़ाई में लाठियों से नहीं डरेंगे और सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं रिटर्निंग अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि जिला प्रमुख पद के निर्वाचन के लिए भाजपा की ओर से वार्ड संख्या 22 के निर्वाचित सदस्य राजेश कुमार गुर्जर तथा कांग्रेस की ओर से वार्ड संख्या 28 के निर्वाचित सदस्य यशवीर सूरा ने नामांकन-पत्र प्रस्तुत किए थे।

संवीक्षा के बाद दोनों प्रत्याशियों के नामांकन-पत्र वैध पाए गए। मतदान के उपरांत हुई मतगणना में यशवीर सूरा को 42 तथा राजेश कुमार गुर्जर को 14 मत प्राप्त हुए। नोटा के पक्ष में कोई मत नहीं पड़ा। इसके बाद यशवीर सूरा को जिला परिषद् जयपुर के जिला प्रमुख पद पर विधिवत निर्वाचित घोषित कर नियमानुसार शपथ दिलाई गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला परिषद जयपुर के उप जिला प्रमुख पद का निर्वाचन गुरुवार को जिला परिषद कार्यालय, जयपुर में आयोजित होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10 बजे बैठक प्रारंभ होगी। प्रातः 11 बजे तक नामांकन-पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे।

प्रातः 11 बजे से 11:30 बजे तक नामांकन-पत्रों की संवीक्षा तथा प्रातः 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक अभ्यर्थिता वापस लेने की प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके बाद आवश्यक होने पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान करवाया जाएगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने वाले सभी निर्वाचित सदस्यों को अपना निर्वाचन प्रमाण-पत्र एवं फोटोयुक्त पहचान-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here