फर्जी डॉक्टर बनाने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा: 30-40 विश्वविद्यालयों की डिग्रियां जांच के दायरे में

0
17

जयपुर। स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने फर्जी शैक्षणिक एवं मेडिकल डिग्रियां तैयार करने, उन्हें विश्वविद्यालयों की वेबसाइटों पर ऑनलाइन अपलोड कराने और इनके आधार पर मेडिकल काउंसिलों में पंजीयन करवाकर चिकित्सक के रूप में काम करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसओजी ने पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली तक फैले नेटवर्क के संबंध में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गिरोह का एक सदस्य मात्र 11वीं पास होने के बावजूद फर्जी एमबीबीएस और एमडी (गायनेकोलॉजी) की डिग्रियों के आधार पर दिल्ली के प्रतिष्ठित अस्पतालों में जूनियर रेजिडेंट के रूप में काम कर रहा था। वह सोनोलॉजिस्ट के रूप में भी सेवाएं दे रहा था।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एसओजी) विशाल बंसल के अनुसार इस मामले में 6 अक्टूबर 2024 को राजस्थान मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार ने जयपुर के अशोक नगर थाने में मिथ्या एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर चिकित्सक के रूप में पंजीयन करवाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच के बाद प्रकरण एसओजी को सौंप दिया गया। मामले का अनुसंधान पुलिस निरीक्षक नेमीचंद कर रहे हैं। मेडिकल काउंसिल की ओर से प्रारंभ में शान्तनु कुमार चारण, दीपक चौधरी, देवेन्द्र नेहरा, गीता कुमारी, पंकज यादव, महेश कुमार गुर्जर, सरीमूल मजूमदार और रामकिशोर महावर के विरुद्ध रिपोर्ट दी गई थी।

फेसबुक विज्ञापन से करते थे फर्जी डिग्रियों का सौदा

एसओजी ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें रामकिशोर महावर फर्जी डिग्रियों के आधार पर चिकित्सक एवं सोनोलॉजिस्ट के रूप में कार्य कर रहा था। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दिग्दा निवासी सत्यजीत पाणिग्रही को मुंबई से गिरफ्तार किया गया। वह फेसबुक पर ‘मेडिकल एजुकेशन, नई दिल्ली’ के नाम से विज्ञापन देता था और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर फर्जी डिग्रियों का सौदा करता था।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित किला गेट निवासी मनीष मांजी फर्जी मार्कशीट, डिग्री और डिप्लोमा तैयार कर व्हाट्सएप तथा डीटीडीसी कोरियर के माध्यम से ग्राहकों तक पहुंचाता था। वहीं, उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के भादौं निवासी खुर्रम तौफिक को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया। बीबीए उत्तीर्ण खुर्रम वर्ष 2022 से फेसबुक के माध्यम से संपर्क में आने वाले लोगों के लिए बैकडेट में फर्जी डिग्रियां तैयार करवाकर विश्वविद्यालयों की वेबसाइटों पर ऑनलाइन अपलोड करने का काम करता था।

11वीं पास रामकिशोर ने ऐसे बनाई फर्जी डॉक्टर की पहचान

जांच में रामकिशोर महावर की पूरी गतिविधियों का खुलासा हुआ है। वह केवल 11वीं कक्षा उत्तीर्ण है। उसने वर्ष 2016 से 2022 तक दौसा के एक निजी नर्सिंग होम में काम किया। इसके बाद बालोतरा में एक चिकित्सक के सहायक के रूप में अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट टाइप करने का काम किया। बाद में बयाना के एक निजी अस्पताल में गायनेकोलॉजिस्ट के अधीन अल्ट्रासाउंड संबंधी कार्य किया।

इसी दौरान उसने मोबाइल पर उत्तर प्रदेश के रामा मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस डिग्री की पीडीएफ प्राप्त की और उसमें बदलाव कर फर्जी डिग्री तैयार कर ली। इस डिग्री के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीयन करवाया तथा दौसा के खेड़ला स्थित एक निजी अस्पताल में करीब 15 दिन तक चिकित्सक के रूप में काम भी किया।

साढ़े छह लाख रुपए में बनवाई एमबीबीएस और एमडी की डिग्रियां

रामकिशोर अगस्त 2024 से अप्रैल 2025 तक दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट और वार्ड बॉय के रूप में कार्यरत रहा। इसी दौरान उसने फेसबुक पर दिए गए विज्ञापन के माध्यम से गिरोह से संपर्क किया। व्हाट्सएप पर बातचीत के बाद करीब साढ़े छह लाख रुपए में तमिलनाडु शिक्षा बोर्ड से 12वीं की तथा सिक्किम मणिपाल मेडिकल विश्वविद्यालय से एमबीबीएस और एमडी (गायनेकोलॉजी) की डिग्रियां बनवाने का सौदा तय हुआ।

आरोपी ने करीब साढ़े पांच लाख रुपए बैंक खाते में जमा करवाए। इसके बाद डीटीडीसी कोरियर के माध्यम से उसे प्रमाणपत्र भेज दिए गए। इन दस्तावेजों के आधार पर उसने दिल्ली मेडिकल काउंसिल से पंजीयन संख्या 33624 भी प्राप्त कर ली। इसके बाद जून 2025 में नई दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में संविदा पर जूनियर रेजिडेंट के रूप में काम करना शुरू कर दिया।

डीएमआरडी की फर्जी डिग्री बनवाकर सोनोग्राफी भी की

जांच में यह भी सामने आया कि रामकिशोर ने फेसबुक विज्ञापन के माध्यम से एक अन्य व्यक्ति से संपर्क कर करीब साढ़े पांच लाख रुपए में महाराष्ट्र के एक विश्वविद्यालय से डीएमआरडी (डिप्लोमा इन मेडिकल रेडियो डायग्नोसिस) की डिग्री बनवाने का सौदा किया। इस डिग्री को 15 जुलाई को ऑनलाइन जुड़वाने की बात सामने आई। इसके आधार पर उसने दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में ऑन-कॉल सोनोग्राफी का काम भी किया।

आरोपी ने सरकारी कॉलेज मिराज, महाराष्ट्र से डीएमआरडी के फर्जी दस्तावेज तैयार करवाकर नई दिल्ली के एसएमएस इमेजिंग सेंटर में पंजीयन कराया। इसके अलावा करीब साढ़े आठ लाख रुपए देकर महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल में भी पंजीयन करवाने की जानकारी सामने आई है। ऑनलाइन सत्यापन में फर्जीवाड़ा पकड़े जाने की आशंका के चलते उसने महाराष्ट्र स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय से भी एमबीबीएस और एमडी (गायनेकोलॉजी) की फर्जी डिग्रियां बनवाने का प्रयास किया। उपलब्ध दस्तावेजों में संकल्प मेडिकल सेंटर सहित अन्य स्थानों पर विभिन्न उपाधियों और फेलोशिप के उल्लेख भी मिले हैं।

30 से 40 विश्वविद्यालयों की डिग्रियां बनाने का खुलासा

एसओजी की जांच में गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों में फैला होने की जानकारी सामने आई है। आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए तकनीकी सुरक्षा उपायों और फायरवॉल का इस्तेमाल करते थे। इसके बावजूद तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण से पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली से जुड़े नेटवर्क का पता चला।

जांच में मैसूर, आंध्र, अन्ना, आचार्य नागार्जुन, काकतीय, कानपुर, मदै, सौराष्ट्र, इलाहाबाद, जेवियर, कुवेम्पू, महाराष्ट्र यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज, शोलापुर, भगवंत विश्वविद्यालय अजमेर और जोधपुर नेशनल यूनिवर्सिटी सहित करीब 30 से 40 अन्य विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों के नाम सामने आए हैं। इनके नाम पर विभिन्न शैक्षणिक और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की फर्जी डिग्रियां एवं प्रमाणपत्र तैयार किए जाने की बात सामने आई है।
इनमें 10वीं, 12वीं, बीए, बीएड, बीएससी, एमए, एमएससी, बीकॉम, एमकॉम, एमबीबीएस, एमडी, एमएस, बीटेक, डीएमआरडी और बीएएमएस सहित कई पाठ्यक्रमों के प्रमाणपत्र शामिल हैं।

अन्य आरोपियों और फर्जी डिग्रीधारकों की तलाश जारी

एसओजी अब गिरोह के अन्य सदस्यों तथा फर्जी डिग्रियों के आधार पर विभिन्न संस्थानों और मेडिकल काउंसिलों में पंजीयन करवाने वाले लोगों की तलाश कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को फर्जी डिग्रियां उपलब्ध करवाईं और इनके आधार पर कितने लोगों ने विभिन्न अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों तथा अन्य संस्थाओं में नौकरी हासिल की।

एसओजी ने संस्थानों को जारी की परामर्शदात्री

इस तरह के फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के लिए एसओजी ने शैक्षणिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों और नियामक निकायों को डिग्रियों एवं प्रमाणपत्रों का सत्यापन केवल ऑनलाइन या ईमेल के आधार पर नहीं करने की सलाह दी है। एसओजी के अनुसार, प्रमाणपत्रों का ऑनलाइन, ऑफलाइन, रजिस्टर्ड डाक और व्यक्तिगत सत्यापन सहित तीन से चार अलग-अलग माध्यमों से सत्यापन किया जाना चाहिए।

साथ ही रोल नंबर, पंजीयन संख्या और प्रमाणपत्रों के सीरियल नंबर का आपस में मिलान करने, मूल एवं डिजिटल प्रतियों के बीच अंतर की जांच करने तथा चिकित्सा संबंधी डिग्रियों के मामले में राज्य मेडिकल काउंसिल और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग सहित संबंधित नियामक संस्थाओं से पुष्टि कराने को कहा गया है। सत्यापन की पूरी प्रक्रिया का लिखित रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की भी सलाह दी गई है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित दस्तावेजों और जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here