नगर निगम के पुराने हवामहल जोन कार्यालय में लगी आग

0
90

जयपुर। चौगान स्टेडियम के पास स्थित नगर निगम के हवामहल जोन के पुराने कार्यालय में गुरुवार देर शाम अचानक आग लग गई। कार्यालय की पहली मंजिल पर स्थित एक कमरे में लगी आग ने वहां रखी छह अलमारियों को अपनी चपेट में ले लिया। अलमारियों में नगर निगम के महत्वपूर्ण दस्तावेज और फाइलें रखी हुई थीं, जो आग में जलकर नष्ट हो गईं। घटना के बाद कार्यालय में धुआं भर गया। गनीमत रही कि आग लगने के समय कार्यालय में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार कार्यालय परिसर के बाहर पार्किंग में मौजूद कर्मचारियों ने एक कमरे से आग की लपटें और धुआं उठते देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना नगर निगम की अग्निशमन शाखा को दी। सूचना मिलने पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और एक दमकल की सहायता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौतम लाल मीणा ने बताया कि दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कमरे में रखी छह अलमारियों में आग फैल चुकी थी और उनमें रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गए।

मुख्यालय स्तर पर जांच शुरू

घटना के बाद नगर निगम मुख्यालय स्तर पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आग किन कारणों से लगी और इसमें नगर निगम के कितने महत्वपूर्ण रिकॉर्ड नष्ट हुए हैं, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी। दस्तावेजों के जलने से निगम के रिकॉर्ड को हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

पूर्व पार्षद और विधायक ने उठाए सवाल

आग की घटना को लेकर पूर्व पार्षद दशरथ सिंह शेखावत और किशनपोल विधायक अमीन कागजी ने सवाल उठाए हैं। पूर्व पार्षद शेखावत ने आरोप लगाया कि कार्यालय में लंबे समय से कथित अवैध गतिविधियां चल रही थीं। उन्होंने आशंका जताई कि महत्वपूर्ण दस्तावेजों को जलाकर गड़बड़ियों को छिपाने की साजिश भी हो सकती है।

वहीं विधायक अमीन कागजी ने सवाल उठाया कि नगर निगम का कार्यालय इतना बड़ा होने के बावजूद आग केवल रिकॉर्ड रूम में ही क्यों लगी? आग की सूचना मिलने के बावजूद अधिकारी मौके पर क्यों नहीं पहुंचे? उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच राजस्थान पुलिस से करवाने की मांग की, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों और दस्तावेज जलने के पीछे की सच्चाई सामने आ सके तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here