जयपुर। खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में अवैध रूप से डीजे बजाने से रोकने पहुंची पुलिस टीम के साथ मारपीट, अभद्रता और राजकार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने के साथ सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस घटना के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों की इलाके में परेड निकाली। इस दौरान आरोपी कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए।
थानाधिकारी सुनील गोदारा के अनुसार 24 नवंबर की देर रात पुलिस कंट्रोल रूम को खोह नागोरियान क्षेत्र की पाटियों की ढाणी में अवैध रूप से डीजे बजाए जाने की सूचना मिली थी। इस पर ईआर-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और डीजे बंद कराने के लिए कहा। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने ड्यूटी ऑफिसर एसआई और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी।
पुलिसकर्मियों ने समझाइश का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस दौरान राजकार्य में बाधा पहुंचाने के साथ सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस मामले में एसआई रामफूल की रिपोर्ट पर खोह नागोरियान थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जिस पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कदीर खान (44), शौकीन उर्फ मिश्रा (35), बाबू खान (45), सद्दाम खान (32) और इकराम खान (46) को खोह नागोरियान स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के फरारी के दौरान इस्तेमाल किए गए दो वाहन भी जब्त किए हैं। इसके अलावा घटना के समय बजाए जा रहे डीजे उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। उनकी संपत्तियों की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों की इलाके में परेड निकाली गई, जिसमें वे कान पकड़कर माफी मांगते दिखाई दिए।

















