जयपुर। बजाज नगर थाना पुलिस ने नकबजनी की दर्जनों वारदातों का खुलासा करते हुए दो हिस्ट्रीशीटर सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी और नकबजनी करने के साथ चोरी का माल खरीदने वाला आरोपी भी शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 15 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, चोरी की नकदी से खरीदी गई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद इमरान उर्फ इम्तियाज (35) निवासी संजय नगर कच्ची बस्ती, भट्टा बस्ती, महेश बर्मन उर्फ छोटू (28), मिथुन (30), प्रसनजीत राय (22) निवासी टीला नंबर 7बी, दिल्ली बाईपास रोड स्थित कच्ची बस्ती, जवाहर नगर तथा अबूबकर उर्फ बाबू तेली (49) निवासी ओसियां, जिला जोधपुर शामिल हैं।
थानाधिकारी मुनींद्र सिंह के अनुसार मोहम्मद इमरान के खिलाफ वर्ष 2005 से 2025 के बीच विभिन्न थानों में 23 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं महेश बर्मन के खिलाफ छह और मिथुन बंगाली के खिलाफ 20 आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इनमें चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी टोली बनाकर दिन और रात में कॉलोनियों में घूमते हुए सूने मकानों की रैकी करते थे। घर में लोगों की अनुपस्थिति सुनिश्चित करने के बाद रात के समय ताले तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर लेते थे। वारदात के दौरान वे अपने वाहन दूर खड़े रखते थे और पहचान छिपाने के लिए सिर पर गमछा बांधते थे।
थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल सहित विभिन्न स्थानों के करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर चोरी के जेवरात खरीदने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने नकबजनी की दर्जनों वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है। सभी आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

















