जयपुर। राजधानी जयपुर में एटीएम बूथ पर मदद करने के बहाने एक बुजुर्ग का एटीएम कार्ड बदलकर करीब 2 लाख 28 हजार रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित 73 वर्षीय मुरारीलाल शर्मा निवासी पत्रकार कॉलोनी ने पुलिस को दिए परिवाद में बताया कि 11 नवंबर 2026 को शाम करीब 6 से 6:30 बजे वह विजय पथ स्थित एटीएम बूथ पर रुपए निकालने गए थे। उन्होंने एटीएम से 2 हजार रुपए निकाले। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक ने एटीएम स्क्रीन बंद करने के बहाने उनका ध्यान भटकाया और उनका पिन नंबर देख लिया।
परिवाद के अनुसार युवक ने इसी दौरान बुजुर्ग का एटीएम कार्ड बदलकर उन्हें दूसरा कार्ड थमा दिया। पीड़ित को इसकी जानकारी नहीं हुई और वह घर लौट आए। 18 नवंबर को उन्हें पता चला कि उनके पास मौजूद एटीएम कार्ड उनका नहीं है। इसके बाद बैंक जाकर खाते की जानकारी लेने पर ठगी का खुलासा हुआ।
एटीएम बूथ के सीसीटीवी फुटेज की जांच में संदिग्ध युवक की तस्वीर सामने आई। आरोप है कि युवक ने अलग-अलग स्थानों पर एटीएम से रुपए निकालकर और खरीदारी कर खाते से करीब 2 लाख 28 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ित ने पुलिस से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने और उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

















