सरकारी पुलिस वाहन में शराब पार्टी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

0
19

जयपुर। एसएमएस अस्पताल थाना पुलिस के सरकारी वाहन में अनाधिकृत रूप से घुसकर शराब पार्टी करने, राजकीय उपकरणों से छेड़छाड़ करने और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के मामले में पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने दो आरोपियों आशुतोष चक्रवर्ती निवासी महारानी फार्म, मानसरोवर और मृणाल सुंदरानिया निवासी नेमीसागर कॉलोनी, वैशाली नगर को गिरफ्तार किया है, जबकि भव्य खंडेलवाल, गोपाल जोशी और अमन जैन की तलाश जारी है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि घटना 13 सितंबर 2026 की है। एसएमएस अस्पताल थाना पुलिस का जाब्ता सवाना बार बंद करवाने पहुंचा था। इसी दौरान पुलिस वाहन सड़क पर खड़ा था, जिसका फायदा उठाकर युवकों ने वाहन में घुसकर शराब पार्टी की और राजकीय उपकरणों से छेड़छाड़ कर वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच कर पांचों युवकों की पहचान की।

इस संबंध में एसएमएस अस्पताल थाने में बीएनएस, आईटी एक्ट और पीडीपीपी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारसमल जैन के सुपरविजन और एसीपी गांधीनगर नारायण बाजिया के निर्देशन में थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है। शेष तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। डीएसटी ईस्ट और एसएमएस अस्पताल थाना पुलिस ने कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here